रायपुर | थाना तिल्दा नेवरा क्षेत्र में सड़क पर साइड नहीं देने की मामूली बात को लेकर ट्रक चालक के साथ मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस घटना में धारदार वस्तु का उपयोग कर ट्रक चालक को चोट पहुंचाई गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
धान लेकर जा रहे ट्रक चालक पर हमला
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ट्रक चालक दिनांक 03 फरवरी 2026 को अपनी ट्रक में धान लोड कर डी.के. राइस मिल सिनोधा जा रहा था। शाम के समय ग्राम सिनोधा गांधी चौक में आरोपीगण ने अपनी मोटरसाइकिल सड़क पर खड़ी कर रखी थी।
जब ट्रक चालक ने हार्न बजाकर वाहन साइड करने को कहा, तो आरोपीगण भड़क गए और ट्रक चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।
हाथ-मुक्कों और धारदार वस्तु से की मारपीट
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने ट्रक चालक पर हाथ-मुक्कों एवं धारदार वस्तु से हमला कर दिया, जिससे उसे चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 48/2026 दर्ज किया गया।
बीएनएस की कई धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5), 118(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों को चिन्हांकित कर गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
मोटरसाइकिल जब्त, आरोपी जेल रवाना
पुलिस द्वारा आरोपियों से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PD 5723, जिसकी अनुमानित कीमत 30,000 रुपये, जब्त की गई है। गिरफ्तारी के पश्चात आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
-
धनंजय उर्फ अजय (21 वर्ष), निवासी ग्राम सिनोधा, थाना तिल्दा नेवरा
-
मधुकर निषाद उर्फ चोटी (20 वर्ष), निवासी ग्राम सिनोधा, थाना तिल्दा नेवरा
-
एक विधि से संघर्षरत बालक
