Home » Blog » जामुल में लोहे की रॉड से वार कर युवक की हत्या

जामुल में लोहे की रॉड से वार कर युवक की हत्या

होलिका दहन की रात वारदात, शराब पीने के विवाद में आरोपी फरार, पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला

by cgprimenews.com
0 comments
जामुल के रावणभाठा संगम चौक में पुलिस जांच करती हुई, जहां युवक की लोहे की रॉड से हत्या हुई।

शराब के नशे में हत्या

भिलाई. जामुल थाना क्षेत्र में होलिका दहन की रात एक युवक की लोहे की रॉड से प्रहार कर हत्या कर दी गई। घटना रावणभाठा संगम चौक की है, जहां हेमंत साहू उर्फ भूरु (19) पर उसके ही परिचित ने पीछे से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (Youth killed by hitting with iron rod in Jamul)

संगम चौक पर वारदात

पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब 11 बजे हेमंत साहू रावणभाठा संगम चौक पर खड़ा था। इसी दौरान उसका परिचित लोहे की रॉड लेकर पहुंचा और पीछे से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। अचानक हुए हमले से हेमंत जमीन पर गिर पड़ा और उसके सिर से अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ेः 2 घंटे में चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

लोगों ने दी सूचना

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने एक युवक को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा और तत्काल जामुल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री शासकीय अस्पताल, सुपेला की मॉर्च्युरी भिजवाया। चौकाने वाली बात यह है कि जामुल थाना से कुछ ही दूरी पर घटना हुई। लेकिन थाना की पेट्रोलिंग को भनक तक नहीं लगी।

शराब पीने के विवाद में हत्या

जामुल थाना प्रभारी रामेन्द्र सिंह ने बताया कि रविवार को हेमंत और उसका साथी साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। आशंका है कि उसी विवाद के चलते आरोपी ने बदला लेने की नीयत से अगले दिन लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी।

आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सूचना मिलते ही डीआईजी विजय अग्रवाल घटना स्थल पहुंचे। मौके का मुआयना किया। आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने का निर्देश दिए।

You may also like