दुर्ग। रावणभाठा जामुल क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान चाचा द्वारा भतीजे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब सेवन को लेकर हुई बहस ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें आरोपी ने लोहे के पाइप से वार कर युवक की जान ले ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 10 घंटे से कम समय में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
रात 11:30 बजे मिली सूचना, तत्काल पहुंची पुलिस
जामुल थाना प्रभारी ने बताया कि रात लगभग 11:30 बजे थाना जामुल पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि रावणभाठा निवासी हेमंत साहू की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक हेमंत साहू और उसके चाचा आशीष साहू के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था।
लोहे के पाइप से किया गया जानलेवा हमला
विवाद बढ़ने पर आरोपी आशीष साहू (25 वर्ष) ने लोहे के पाइप से हेमंत साहू के सिर के पीछे कई बार प्रहार किया। गंभीर चोट लगने से हेमंत साहू अचेत होकर गिर पड़ा और उसकी मृत्यु हो गई। मृतक की माता ललिता साहू की रिपोर्ट पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 142/2026 धारा 103 BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घेराबंदी कर 10 घंटे में गिरफ्तारी
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। जामुल पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने त्वरित पतासाजी कर क्षेत्र में घेराबंदी की। दिनांक 03.03.2026 को घटना के 10 घंटे से कम समय में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवादों को शांतिपूर्ण और कानूनी माध्यम से सुलझाएं। नशे की हालत में उत्पन्न विवाद गंभीर अपराध का रूप ले सकते हैं। कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
