कोरबा। पशुओं के प्रति क्रूरता के एक गंभीर मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस के अंतर्गत मणिपुर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक पड़वा (बछड़ा) को डंडे और पत्थर से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई।
रात में दौड़ा-दौड़ाकर किया हमला
पुलिस के अनुसार ग्राम मठपारा निवासी प्रार्थी मोहर लाल यादव ने 26 फरवरी 2026 को थाना मणिपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 25 फरवरी की रात उसके घर के पास बंधे मवेशियों में से एक पड़वा खुला हुआ था। इसी दौरान गांव के ही पनेश्वर मुण्डा और विकास मुण्डा ने उसे डंडे और पत्थरों से दौड़ा-दौड़ाकर मारना शुरू कर दिया। पड़वा के चिल्लाने की आवाज सुनकर प्रार्थी की पत्नी बाहर निकली और देखा कि दोनों आरोपी पशु पर हमला कर रहे थे। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज भी की। गंभीर चोट लगने के कारण बाद में पड़वा की मौत हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 37/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 325, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(डी) तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
आरोपियों से डंडा और पत्थर जब्त
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पशु चिकित्सा अधिकारी से मृत पड़वा का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास मुण्डा (25 वर्ष) और परमेश्वर उर्फ पनेश्वर मुण्डा (27 वर्ष), दोनों निवासी मठपारा थाना मणिपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा और पत्थर का टुकड़ा भी जब्त किया है।
न्यायालय में किया गया पेश
पुलिस ने पर्याप्त सबूत मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। मामले की जांच आगे भी जारी है।
