सरगुजा। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में यातायात पुलिस टीम ने जिले में बस और ट्रकों में लगे तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 32 वाहनों के चालकों से 64,600 रुपये समन शुल्क वसूल किए।
कार्यवाही का उद्देश्य
भारी वाहनों में लगे प्रेशर हॉर्न राहगीरों और अन्य वाहन चालकों के लिए परेशानी उत्पन्न करते हैं। तेज आवाज से कई लोगों की सुनने की क्षमता प्रभावित होती है और वाहन चालकों का संतुलन बिगड़कर एक्सीडेंट का खतरा बढ़ता है। इसी दृष्टि से डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने यातायात पुलिस को निर्देशित किया कि प्रेशर हॉर्न वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
चेकिंग अभियान और समझाइस
यातायात पुलिस ने बस स्टैंड अंबिकापुर, रिंग रोड और अन्य प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों की प्रेशर हॉर्न चेकिंग की। अधिकतर वाहनों में प्रेशर हॉर्न पाया गया। चालकों को समझाइस दी गई और वाहनों से हॉर्न निकालकर निर्धारित आवाज वाला हॉर्न लगाने को कहा गया।
चालानी कार्यवाही और चेतावनी
कुल 32 बस और ट्रकों पर चालानी कार्यवाही करते हुए 64,600 रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया। चालकों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि प्रेशर हॉर्न पाया गया तो कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम का योगदान
इस अभियान में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक चंद्रप्रकाश केरकेट्टा, आरक्षक विनोद राजवाड़े, आलोक गुप्ता, दिनय सिंह, तुलेश, रामप्रताप राजवाड़े, रामशंकर नगर सैनिक विजय साहू की सक्रिय भूमिका रही।
