जांजगीर-चांपा। जिला के शिवरीनारायण में आयोजित ऐतिहासिक मेले में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आगमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं। मेला क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय भूमिका निभा रही है।
लगातार पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त
मेले के दौरान पुलिस टीम द्वारा लगातार पैदल पेट्रोलिंग की जा रही है। इसके साथ ही रात्रि गश्त को भी सख्त किया गया है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। मेला क्षेत्र और आसपास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य तकनीकी संसाधनों से निगरानी की जा रही है।
संभावित हमलों को रोकने की कार्रवाई
अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा युवकों से ऐसे हजारों स्टील के कड़े उतरवाकर जमा कराए गए हैं, जिनका उपयोग संभावित रूप से हमले या मारपीट में किया जा सकता था। यह कार्रवाई एहतियातन की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
यातायात नियमों पर सख्ती
पुलिस द्वारा बुलेट और अन्य दोपहिया वाहनों में लगे प्रेशर हॉर्न और मोडिफाई साइलेंसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। मौके पर ही नियम विरुद्ध साइलेंसर हटाए गए। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने वालों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की जा रही है। शराबी वाहन चालक पाए जाने पर वाहन जप्त कर उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
महिला एवं बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अपील की है कि वे अत्यधिक कीमती आभूषण पहनकर मेले में न आएं। आवश्यक होने पर गहनों को कपड़ों में सुरक्षित रूप से पिन लगाने की सलाह दी गई है।
वहीं, छोटे बच्चों की सुरक्षा के लिए अभिभावकों से कहा गया है कि वे बच्चों की जेब में माता-पिता का नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखकर रखें, ताकि गुम होने की स्थिति में त्वरित सहायता मिल सके।
व्यवस्थित यातायात और पार्किंग व्यवस्था
यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए मेला एवं शहर क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने के निर्देश दिए गए हैं। अव्यवस्थित पार्किंग, सड़क पर ठेले या दुकानों का सामान रखने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की नागरिकों से अपील
पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं और नागरिकों से शांति, अनुशासन और नियमों का पालन करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।
