दुर्ग। जिले में अपराध नियंत्रण एवं संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से 20 फरवरी 2026 को भिलाई नगर जोन अंतर्गत पुलिस एवं एसीसीयू टीम द्वारा तड़के विशेष सर्च अभियान चलाया गया। यह अभियान प्रातः 04:00 बजे से 08:00 बजे तक संचालित किया गया।
290 मकानों की तलाशी, किरायेदार सत्यापन
संयुक्त पुलिस टीम ने दीनदयाल कॉलोनी खम्हरिया एवं स्मृति नगर क्षेत्र में सघन जांच करते हुए कुल 290 मकानों की तलाशी ली। बाहरी जिलों एवं राज्यों से किराये पर रह रहे 25 व्यक्तियों का फिंगरप्रिंट लेकर सत्यापन किया गया। पुलिस ने मकान मालिकों को किरायेदारों की जानकारी अनिवार्य रूप से पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सशक्त एप से वाहन जांच
अभियान के दौरान सशक्त एप के माध्यम से कॉलोनी परिसर में खड़े 155 वाहनों की जांच की गई। जांच में 5 दोपहिया वाहन संदिग्ध पाए गए। विस्तृत जांच के दौरान थाना पुलगांव के अपराध क्रमांक 332/2025 धारा 303(2) बीएनएस में चोरी गई हीरो होंडा मोटरसाइकिल (CG-07-AC-8651) बरामद की गई।
अन्य संदिग्ध वाहनों की जांच जारी
शेष 4 संदिग्ध मोटरसाइकिलों को सत्यापन हेतु थाना लाकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। चोरी प्रकरण में शामिल आरोपी की पतासाजी जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
अभियान में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक विजय कुमार यादव, स्मृति नगर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश साहू सहित विभिन्न थाना एवं एसीसीयू टीम के अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस की नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किरायेदार सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें।
