राजनांदगांव | थाना सोमनी पुलिस ने गुम मोबाइल फोन की तलाश में सराहनीय सफलता हासिल करते हुए 13 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों में खुशी का माहौल है और प्रार्थियों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुम मोबाइल खोजने का अभियान चलाया।
सीआईआर पोर्टल से मिली सफलता
पुलिस के अनुसार, थाने में लगातार गुम मोबाइल संबंधी शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने सीआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से मोबाइल ट्रैकिंग प्रक्रिया शुरू की। तकनीकी जांच और सतत प्रयासों के बाद टीम को 13 मोबाइल फोन खोजने में सफलता मिली।
प्रार्थियों को थाने बुलाकर किया वितरण
दिनांक 26 फरवरी 2026 को सभी मोबाइल मालिकों को थाना सोमनी बुलाया गया। मोबाइल फोन की तस्दीक करने के बाद उन्हें विधिवत उनके मालिकों को वापस सौंप दिया गया। बरामद मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।
मोबाइल मिलने पर लोगों ने जताया आभार
लंबे समय से गुम मोबाइल वापस मिलने पर प्रार्थियों ने पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया। पुलिस की इस पहल को आमजन के बीच विश्वास बढ़ाने वाली कार्रवाई माना जा रहा है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को गुम मोबाइल या अन्य सामान मिले तो उसका दुरुपयोग न करें और उसे नजदीकी थाने में जमा कराएं, जिससे वास्तविक मालिक तक सामान सुरक्षित पहुंच सके।
