Home » Blog » युवक पर जानलेवा हमला: सात आरोपी पुलिस गिरफ्त में

युवक पर जानलेवा हमला: सात आरोपी पुलिस गिरफ्त में

चिखली क्षेत्र के चार युवक भी शामिल, कार-हथियार व मोबाइल जब्त

by cgprimenews.com
0 comments
युवक पर जानलेवा हमले के आरोपियों को गिरफ्तार कर जब्त सामग्री के साथ पुलिस टीम।

मेला कार्यक्रम के दौरान हुआ विवाद

राजनांदगांव | थाना बोरतलाव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोरतलाव में आयोजित वार्षिक मड़ाई एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद में आयोजन समिति के एक सदस्य पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। घटना दिनांक 25 जनवरी 2026 की है, जब कार्यक्रम के दौरान मंच पर हुल्लड़ करने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ।

धारदार हथियार से किया गया हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बुढ़ानछापर निवासी उदय नेताम अपने पुत्र के साथ मंच पर चढ़कर हंगामा करने लगा। आयोजन समिति द्वारा मना करने पर विवाद बढ़ गया, जिसे स्थानीय लोगों ने शांत कराया। कुछ समय बाद उदय नेताम अपने अन्य साथियों के साथ पुनः मौके पर पहुंचा और आयोजन समिति के सदस्य बशीर मोहम्मद पर जान से मारने की नीयत से लोहे के धारदार हथियार ‘तब्बल’ से पेट में वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक के मार्गदर्शन में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी बोरतलाव निरीक्षक अवनीश कुमार श्रीवास के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

सात आरोपी गिरफ्तार, सामग्री जब्त

पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों — उदय नेताम, पंकज साहू, योगेश कोर्राम, विकास गोंडाने, जाफर खान, बंटी साहू एवं हर्षित निषाद को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार, लोहे का धारदार हथियार ‘तब्बल’ तथा 6 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

पुलिस टीम का सराहनीय योगदान

इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना बोरतलाव पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही, जिनकी त्वरित और सटीक कार्रवाई से गंभीर अपराध में शामिल सभी आरोपी गिरफ्तार किए जा सके।

You may also like