Home » Blog » स्कार्पियो लूटकांड का आरोपी गिरफ्तार

स्कार्पियो लूटकांड का आरोपी गिरफ्तार

दरिमा पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, कटघोरा से बरामद हुई 15 लाख की लूटी स्कार्पियो; अन्य आरोपी अब भी फरार।

by cgprimenews.com
0 comments
दरिमा पुलिस द्वारा स्कार्पियो लूटकांड के आरोपी की गिरफ्तारी, बरामद वाहन

अंबिकापुर। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में साइबर सेल और थाना दरिमा पुलिस की संयुक्त टीम ने स्कार्पियो लूटकांड के एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा पूर्व में लूटी गई लगभग 15 लाख रुपये की स्कार्पियो वाहन को कटघोरा क्षेत्र से लावारिस हालत में बरामद किया जा चुका था।

घुमाने के बहाने रची लूट की साजिश

प्रार्थी अंकित सिन्हा, निवासी भट्टी रोड केदारपुर अंबिकापुर ने 10 फरवरी 2026 को थाना दरिमा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि परिचित पंचर दुकान संचालक के माध्यम से कुछ लोगों ने मैनपाठ घूमने जाने के लिए वाहन बुक किया।

प्रार्थी अपनी स्कार्पियो (क्रमांक CG-16-CJ-5333) लेकर पुराना बस स्टैंड पहुंचा और चार लोगों को बैठाकर मैनपाठ घुमाने ले गया। वापसी के दौरान एक व्यक्ति ने उल्टी आने का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई। इसी दौरान पीछे बैठे आरोपी ने बेल्ट से चालक का गला दबाकर हमला किया।

जान बचाकर भागा चालक, वाहन लूटकर फरार

चालक किसी तरह खुद को छुड़ाकर गाड़ी से कूदकर भाग गया और सड़क किनारे गड्ढे में छिपकर जान बचाई। इसके बाद आरोपी स्कार्पियो वाहन लूटकर मौके से फरार हो गए। मामले में थाना दरिमा में अपराध क्रमांक 41/25 धारा 309(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।

तकनीकी जांच से आरोपी गिरफ्तार

विवेचना के दौरान पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की। दबाव बढ़ने पर आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए, जिसे पुलिस ने कटघोरा से बरामद किया। साइबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपी गोविन्द पटेल (21 वर्ष), निवासी बसंतपुर दफाई अमलाई, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले के अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस टीम की भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश खलखो, एएसआई अजीवत मिश्रा सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की सक्रिय भूमिका रही।

You may also like