भिलाई। संजय रूंगटा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स द्वारा आयोजित कार्निवाल 2026 के तहत गुरुवार की शाम उस समय यादगार बन गई, जब लोकप्रिय इंडियन सिंगर, एक्ट्रेस और यूथ आइकॉन ध्वनि भानुशाली ने मंच पर अपनी शानदार लाइव परफॉर्मेंस दी। उनके सुपरहिट गीतों पर छात्र-छात्राओं ने जमकर डांस किया और पूरा कैंपस संगीत, ऊर्जा और उत्साह से भर उठा।
ध्वनि भानुशाली की परफॉर्मेंस ने बांधा समां
ध्वनि भानुशाली ने एक के बाद एक अपने चर्चित गानों की प्रस्तुति दी, जिससे दर्शकों में जबरदस्त जोश देखने को मिला। उनकी प्रभावशाली आवाज़ और मंच पर मौजूदगी ने संजय रूंगटा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के परिसर को पूरी तरह ऊर्जादायक बना दिया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों के साथ-साथ फैकल्टी और अतिथियों ने भी संगीत का भरपूर आनंद लिया।
गरिमामयी अतिथियों की रही उपस्थिति
गुरुवार को आयोजित इस भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में चेयरमैन संजय रूंगटा, डायरेक्टर डॉ. साकेत रूंगटा, रजनी रूंगटा, हर्षा रूंगटा सहित संस्थान के अन्य गणमान्य सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने कार्निवाल के आयोजन की सराहना करते हुए इसे छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
शनिवार को होगा तीन दिवसीय कार्निवाल का समापन
तीन दिवसीय इस आयोजन का शनिवार को भव्य समापन किया जाएगा। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे दिन खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी निर्धारित है, जिसमें छात्रों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिलेगी।
समापन समारोह में शामिल होंगे मंत्री और विधायक
समापन समारोह में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार के कैबिनेट मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन गुरु खुशवंत साहेब तथा विधायक रिकेश सेन विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उनके आगमन को लेकर संस्थान में उत्साह का माहौल है।
