आवारा श्वानों की संख्या नियंत्रण की दिशा में ठोस पहल
रायपुर | नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा निगम क्षेत्र में एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) कार्यक्रम का निरंतर एवं प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिदिन औसतन 15 से 20 आवारा श्वानों को पकड़कर उनका टीकाकरण, नसबंदी (स्टेरिलाइजेशन) एवं डिवार्मिंग की जा रही है। इसका उद्देश्य शहर में आवारा श्वानों की संख्या को नियंत्रित करना, रेबीज जैसी बीमारियों की रोकथाम करना तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
जनशिकायत पर त्वरित कार्रवाई, डॉग कैचिंग टीम सक्रिय
चंद्रशेखर आज़ाद वार्ड क्षेत्र से आवारा श्वानों को लेकर शिकायत प्राप्त होते ही नगर पालिक निगम रायपुर की डॉग कैचिंग टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई। टीम ने संबंधित क्षेत्रों से आवारा श्वानों को पकड़कर नियमानुसार टीकाकरण, बधियाकरण एवं डिवार्मिंग की प्रक्रिया प्रारंभ की। निगम प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
निदान 1100 पर आई शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान
नगर निगम को निदान 1100, आमजन तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। यह समस्त कार्यवाही माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पूर्ण अनुपालन में की जा रही है, जिससे पशु कल्याण और मानव सुरक्षा के बीच संतुलन बना रहे।
सभी वार्डों में फीडिंग स्थल चिन्हांकित, सूचना बोर्ड चस्पा
नगर पालिक निगम रायपुर के समस्त जोनों के अंतर्गत सभी वार्डों में श्वानों के लिए फीडिंग स्थल चिन्हांकित कर लिए गए हैं। इन निर्धारित स्थलों पर सूचना बोर्ड भी चस्पा किए गए हैं, ताकि भोजन व्यवस्था केवल चिन्हित स्थानों पर ही हो सके। इससे अनियंत्रित भोजन वितरण से उत्पन्न समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो पाएगा।
पशु कल्याण के साथ नागरिक सुरक्षा पर फोकस
नगर निगम रायपुर द्वारा यह सतत प्रयास किया जा रहा है कि पशु कल्याण के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा, स्वच्छता और जनसुविधा बनी रहे। भविष्य में भी एबीसी कार्यक्रम को और अधिक सुदृढ़ करते हुए निरंतर जारी रखा जाएगा।
