रायपुर। कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा जनविश्वास को सुदृढ़ करने और बेहतर पुलिसिंग को व्यवहार में उतारने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 02 फरवरी 2026 को रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला (आईपीएस) ने शंकर नगर स्थित सभागार में कमिश्नरेट रायपुर के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को संबोधित किया।
कमिश्नरी प्रणाली में पुलिस की भूमिका पर सेमिनार
इस अवसर पर कमिश्नरी प्रणाली में पुलिस की भूमिका, जिम्मेदारियों और जनअपेक्षाओं को लेकर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में आरक्षक स्तर से लेकर पुलिस कमिश्नर तक समस्त अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान रायपुर कमिश्नरेट के सभी प्रमुख जोन अधिकारियों का उनके अधीनस्थ अराजपत्रित अधिकारियों से औपचारिक परिचय भी कराया गया।
जोन अधिकारियों ने साझा की प्राथमिकताएं
सेमिनार में डीसीपी नॉर्थ ज़ोन मयंक गुर्जर, डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल एवं डीसीपी सेंट्रल ज़ोन उमेश प्रसाद गुप्ता ने अपने-अपने जोन, कार्यक्षेत्र, प्राथमिकताओं तथा अधीनस्थ एसीपी डिवीजनों की भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की।
भरोसे का सेतु बनाना है कमिश्नरी सिस्टम का उद्देश्य
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि कमिश्नरी सिस्टम का उद्देश्य केवल पुलिस अधिकारों का विस्तार नहीं है, बल्कि पुलिस और आम नागरिक के बीच भरोसे का मजबूत सेतु बनाना है। भयमुक्त और सुरक्षित रायपुर तभी संभव है, जब पुलिस संवेदनशील, जवाबदेह और जनहितकारी दृष्टिकोण के साथ कार्य करे।
बेसिक पुलिसिंग पर विशेष जोर
डॉ. शुक्ला ने पुलिसकर्मियों को बेसिक पुलिसिंग के सिद्धांतों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभ्य व्यक्तिगत आचरण, नागरिकों से शालीन व्यवहार और शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुनकर वैधानिक समाधान देना ही जनविश्वास की नींव है। उन्होंने यह भी कहा कि कई मामलों में नागरिकों को अपेक्षित सुनवाई नहीं मिल पाती, जिसे सुधारात्मक दृष्टिकोण से दूर करना आवश्यक है।
विजिबल पुलिसिंग का उद्देश्य भरोसा
उन्होंने कहा कि विजिबल पुलिसिंग का उद्देश्य केवल पुलिस की उपस्थिति नहीं, बल्कि आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा देना है। अपराधियों के प्रति कानून सख्त रहेगा, जबकि आम नागरिकों के प्रति पुलिस का व्यवहार सहयोगात्मक और मानवीय होना चाहिए।
अनुशासन और मर्यादित आचरण अनिवार्य
पुलिस कमिश्नर ने स्वच्छ वेशभूषा, अनुशासित कार्यशैली और मर्यादित व्यवहार अपनाने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल, एडिशनल डीसीपी अर्चना झा, एडिशनल डीसीपी राहुद देव शर्मा, एडिशनल डीसीपी आकाश मरकाम सहित समस्त एसीपी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
