Home » Blog » प्रयास अभियान : थाना-चौकी में QR कोड से मिलेगा जनता का फीडबैक

प्रयास अभियान : थाना-चौकी में QR कोड से मिलेगा जनता का फीडबैक

पुलिस सेवाओं में सुधार और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए जिले के सभी थाना एवं चौकी में क्यूआर कोड जारी, आमजन अब सीधे साझा कर सकेंगे अपना अनुभव

by cgprimenews.com
0 comments
बलौदाबाजार पुलिस कार्यालय में प्रयास अभियान के तहत क्यूआर कोड लॉन्च करते पुलिस अधीक्षक

बलौदाबाजार। पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुधार के उद्देश्य से जिले में “प्रयास अभियान” के तहत नई पहल शुरू की गई है। अभियान के अंतर्गत जिले के समस्त थाना एवं चौकी में क्यूआर कोड जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से आगंतुक, फरियादी एवं शिकायतकर्ता अब सीधे अपना फीडबैक दर्ज कर सकेंगे। दिनांक 25 फरवरी 2026 को पुलिस कार्यालय बलौदाबाजार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता द्वारा दोपहर 01:00 बजे क्यूआर कोड प्रणाली का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाना, कमियों की पहचान करना तथा आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत करना है।

क्यूआर कोड से आसान होगा फीडबैक

जिले के सभी थाना, चौकी एवं पुलिस कार्यालय में लगाए जा रहे क्यूआर कोड को स्कैन कर नागरिक ऑनलाइन फीडबैक फॉर्म भर सकेंगे। इसमें थाना अनुभव, पुलिस स्टाफ का व्यवहार, शिकायतों पर कार्रवाई की गंभीरता तथा सेवा गुणवत्ता से संबंधित प्रश्न शामिल किए गए हैं। इससे लोगों को अपनी राय देने के लिए किसी अतिरिक्त प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा।

सुधार और मॉनिटरिंग पर रहेगा फोकस

पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा प्राप्त फीडबैक की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। फीडबैक के आधार पर संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश जारी किए जाएंगे। इससे पुलिस कार्यों में जवाबदेही बढ़ेगी और सेवाओं में निरंतर सुधार संभव होगा।

जनसहभागिता से मजबूत होगी पुलिस व्यवस्था

उद्घाटन अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जनता की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। नागरिकों के सुझाव पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, संवेदनशील और जवाबदेह बनाने में सहायक होंगे। यह पहल पुलिस और जनता के बीच विश्वास को नई मजबूती देगी।

You may also like