कांकेर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस कांकेर और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कांकेर–नारायणपुर सीमावर्ती जंगल क्षेत्र से प्रेशर कुकर में लगाया गया आईईडी (IED) बरामद किया है। समय रहते विस्फोटक मिलने से संभावित बड़ी घटना टल गई।
संयुक्त टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत डीआरजी एवं बीएसएफ की संयुक्त टीम द्वारा 21 फरवरी 2026 को ग्राम कुरकुंज के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जवानों को संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जिसकी जांच करने पर लगभग 5 से 7 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर आईईडी बरामद हुआ।
BDS टीम ने मौके पर किया डिफ्यूज
सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बीएसएफ की बम निरोधक दस्ता (BDS) टीम को मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने सावधानीपूर्वक आईईडी को डिफ्यूज कर सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। इससे क्षेत्र में किसी भी प्रकार की जनहानि या सुरक्षा बलों को नुकसान होने से बचाव हुआ।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी., पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल कुमार राखेचा, बीएसएफ सेक्टर भानुप्रतापपुर के प्रभारी उप महानिरीक्षक टी. मोहन तथा 40वीं वाहिनी बीएसएफ के सेनानी रणधीर सिंह गिल के निर्देशन में की गई।
वैधानिक कार्रवाई जारी
घटना के संबंध में थाना कोयलीबेड़ा में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और सर्च ऑपरेशन आगे भी जारी रहेगा।
