रायगढ़। खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम परासकोल में युवक की अंधी हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मृतक की पहचान अनिल कुमार चौहान (35 वर्ष), निवासी ग्राम परासकोल के रूप में हुई है।
खेत में मिला था शव, शरीर पर थे धारदार वार के निशान
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल, थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एफएसएल टीम, साइबर थाना स्टाफ और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। मृतक के पेट, गले और अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से कई वार के निशान मिले। मर्ग क्रमांक 28/26 धारा 194 बीएनएसएस दर्ज कर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 86/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला कायम किया गया।
3000 रुपये की उधारी बना हत्या का कारण
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मृतक और ग्राम बगबुडवा निवासी राहुल यादव के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। संदेही राहुल यादव (20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि दो माह पूर्व नौकरी लगाने की बात पर उसने मृतक को 3000 रुपये दिए थे। रकम वापस मांगने पर 28 फरवरी की रात कन्या छात्रावास के पास चाकू से कई वार कर हत्या कर दी और अपनी पैशन प्रो मोटरसाइकिल (CG-13-V-8933) से फरार हो गया।
चाकू, खून से सने कपड़े और बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी का दो टूक संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, “रायगढ़ में जघन्य अपराध करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। हर हाल में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
