Home » Blog » दुर्ग में धान उपार्जन तेज, 1.78 लाख मीट्रिक टन खरीदी

दुर्ग में धान उपार्जन तेज, 1.78 लाख मीट्रिक टन खरीदी

102 उपार्जन केंद्रों से जारी खरीदी, सभी केंद्रों की प्रतिदिन खरीदी लिमिट बढ़ाई गई

by cgprimenews.com
0 comments
दुर्ग जिले के उपार्जन केंद्र में धान खरीदी करते किसान

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान उपार्जन

दुर्ग, 16 दिसंबर 2025। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत दुर्ग जिले में धान उपार्जन की प्रक्रिया लगातार तेज गति से जारी है। जिले के 102 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से अब तक 1 लाख 78 हजार 146 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है।

टोकन व्यवस्था से किसानों को सुविधा

जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में किसान मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं टोकन प्राप्त कर रहे हैं अथवा संबंधित समितियों के माध्यम से टोकन जारी कराकर धान विक्रय कर रहे हैं। शासन द्वारा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मोबाइल ऐप एवं समितियों के माध्यम से सप्ताह के सभी दिनों में टोकन प्राप्त करने की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।

प्रतिदिन खरीदी लिमिट में वृद्धि

पूर्व में जिन उपार्जन केंद्रों में किसानों के फोटो अपलोड का प्रतिशत 80 प्रतिशत से अधिक था, ऐसे 54 उपार्जन केंद्रों की प्रतिदिन धान खरीदी लिमिट में वृद्धि की गई थी। अब जिला प्रशासन के प्रस्ताव पर शेष 48 उपार्जन केंद्रों की भी प्रतिदिन खरीदी लिमिट बढ़ा दी गई है।

किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

प्रतिदिन खरीदी लिमिट बढ़ाए जाने से किसानों को धान विक्रय में आसानी होगी और उपार्जन केंद्रों पर भीड़ कम होगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि किसानों को बिना किसी असुविधा के समयबद्ध रूप से धान विक्रय की सुविधा मिल सके।

प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे समय पर टोकन प्राप्त कर निर्धारित तिथि पर ही धान विक्रय के लिए उपार्जन केंद्र पहुंचें, जिससे उपार्जन प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।

You may also like