CG Prime News/ भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-2 इलाके में दो दिन पुरानी रंजिश ने सोमवार देर रात हिंसक रूप ले लिया। शुरुआत बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद से हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला दो पक्षों के बीच टकराव में बदल गया। क्षेत्र में जमकर पत्थरबाजी, लाठी-डंडे चले और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। (Old rivalry sparks unrest, children’s dispute leads to violence between two parties, counter-case filed)
यह भी पढ़ेः दुर्ग जिले में अफीम की खेती, पुलिस ने ढाबा में मारा रेड, राजस्थान का संचालक गिरफ्तार
बच्चों के विवाद से भड़की हिंसा
पुलिस के अनुसार, सोनकर मोहल्ला निवासी एक पक्ष ने शिकायत दर्ज कराई कि रात करीब 10 बजे कुछ युवक बच्चों के साथ विवाद कर रहे थे। बीच-बचाव के दौरान अचानक दूसरे पक्ष की ओर से पत्थर और डंडों से हमला शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से हिंसा भड़क उठी। जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले एक युवती के दूसरे पक्ष के युवक के साथ चले जाने की घटना को लेकर पहले से तनाव था। इसी रंजिश ने बच्चों के विवाद को बड़ा रूप दे दिया और मामला सामुदायिक संघर्ष में बदल गया।
पुलिस पर भी हुआ हमला, कई घायल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। इस दौरान सीएसपी प्रशांत पैकरा, टीआई मनीष शर्मा सहित पांच पुलिसकर्मी और कुछ स्थानीय लोग घायल हो गए। पुलिस ने हालात संभालने के लिए बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया।
दोनों पक्षों पर काउंटर केस दर्ज
छावनी पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज किया है। कई नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। इधर मंगलवार को जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई गई। अधिकारियों के अनुसार, अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। दोनों पक्षों ने शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया है।
