भिलाई। मोबाइल रिपेयरिंग और नकली बैंक डिवाइस की खरीद-फरोख्त का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले आरोपी नितिन सोनी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने हाल ही में सुपेला क्षेत्र की एक मोबाइल दुकान संचालक से 20 हजार रुपये की धोखाधड़ी की थी।
ग्राहक बनकर पहुंचा और 20 हजार रुपए ट्रांसफर करवाकर फरार
पुलिस के मुताबिक 21 अप्रैल 2025 को आरोपी नितिन सोनी, अरविंद कुमार मिश्रा की आकाशगंगा स्थित मोबाइल दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचा। उसने मोबाइल रिपेयरिंग और ‘नेक बैंक’ नामक नकली डिवाइस खरीदने की बात कही।
बातचीत के दौरान उसने झूठा बहाना बनाते हुए कहा कि उसके पिता बाजार में फंस गए हैं और वह तुरंत पैसे लेकर आएगा। इसी बहाने उसने दुकान संचालक से 20 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए और मौके से फरार हो गया।
आरोपी पहले भी कर चुका है ऐसी घटनाएं
पीड़ित ने 26 अप्रैल को सुपेला थाना में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस जांच में सामने आया कि नितिन सोनी इस तरह की ठगी पहले भी कई स्थानों पर कर चुका है। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
सुपेला पुलिस ने पकड़ा, भेजा जेल
थाना सुपेला पुलिस ने आरोपी की पतासाजी कर उसे नेहरू नगर अशोका बिरियानी स्टाफ रूम से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा, उप निरीक्षक दीपक चौहान और आरक्षक सूर्यप्रताप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अब आरोपी के पुराने मामलों और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है।
