दुर्ग. कलेक्टर अभिजीत सिंह द्वारा जारी नवीन प्रशासनिक आदेश के तहत जिला दुर्ग में अपर कलेक्टरों के कार्यों का पुनर्विभाजन किया गया है। यह बदलाव अपर कलेक्टर अभिषेक अग्रवाल के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कबीरधाम पद पर स्थानांतरण के बाद किया गया है। नया आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और पूर्व के सभी आदेश निरस्त कर दिए गए हैं।
योगिता देवांगन को न्यायालयीन व प्रशासनिक दायित्व
अपर कलेक्टर योगिता देवांगन को न्यायालय अपर कलेक्टर दुर्ग (धमधा एवं पाटन अनुभाग) का प्रभार सौंपा गया है। वे भू-राजस्व संहिता से संबंधित अपील, पुनरीक्षण एवं पुनर्विलोकन प्रकरणों का निराकरण करेंगी।
उन्हें नजूल प्रकरणों में कलेक्टर की शक्तियों का उपयोग, अवैध उत्खनन मामलों का निपटारा, वारिसान प्रमाण पत्र जारी करना तथा सीमित वित्तीय स्वीकृतियों से जुड़े कई प्रशासनिक अधिकार प्रदान किए गए हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग, नशा मुक्ति अभियान, चिटफंड शाखा, ई-ऑफिस, शिकायत शाखा, लोक सेवा गारंटी, जनदर्शन, पीजी पोर्टल और विभिन्न योजनाओं के समन्वय की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
वीरेन्द्र सिंग बने अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट
अपर कलेक्टर वीरेन्द्र सिंग को अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) दुर्ग के न्यायालयीन कार्यों का प्रभार दिया गया है। वे दुर्ग एवं भिलाई-3 अनुभाग के राजस्व प्रकरणों का निपटारा करेंगे।
उन्हें उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला जनगणना अधिकारी, परिसीमन कार्य, प्राकृतिक आपदा प्रकरण, शस्त्र लाइसेंस नवीनीकरण, धान उपार्जन, डिजिटल क्रॉप सर्वे, पीडीएस, पासपोर्ट शाखा एवं विभिन्न प्रशासनिक शाखाओं के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लिंक अधिकारी भी किए गए नियुक्त
प्रशासनिक सुचारू संचालन के लिए दोनों अधिकारियों को एक-दूसरे का लिंक अधिकारी नियुक्त किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर वे एक-दूसरे के कार्यों का निर्वहन करेंगे। कलेक्टर कार्यालय के अनुसार यह पुनर्विभाजन प्रशासनिक कार्यों में तेजी, पारदर्शिता और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है।
