Wednesday, February 11, 2026
Home » Blog » राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026: कठपुतली के जरिए यातायात नियमों का संदेश

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026: कठपुतली के जरिए यातायात नियमों का संदेश

दुर्ग पुलिस ने लगातार दूसरे दिन अभिनव जागरूकता अभियान चलाया

by cgprimenews.com
0 comments
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत भिलाई में कठपुतली के माध्यम से नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी देता दुर्ग पुलिस का जागरूकता कार्यक्रम।

कठपुतली से दिया गया सड़क सुरक्षा का संदेश

भिलाई | राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत दुर्ग पुलिस द्वारा आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में लगातार दूसरे दिन दुर्ग पुलिस ने एक अभिनव पहल करते हुए कठपुतली कला के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का महत्व समझाया।

शहर के प्रमुख स्थलों पर आयोजन

यह विशेष जागरूकता कार्यक्रम भिलाई नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों मैत्री गार्डन, सूर्या मॉल, आकाशगंगा तथा कुम्हारी स्थित बड़े तरिया में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कठपुतली पात्रों के माध्यम से हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव, गलत दिशा में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा सुरक्षित ड्राइविंग जैसे महत्वपूर्ण संदेश सरल एवं मनोरंजक रूप में प्रस्तुत किए गए।

नागरिकों की मिली सकारात्मक भागीदारी

कठपुतली कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में आम नागरिक, बच्चे एवं युवा उपस्थित रहे। इस अनोखे माध्यम से दिए गए संदेश को लोगों ने सहजता से समझा और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता को महसूस किया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को सड़क दुर्घटनाओं से होने वाले नुकसान और नियमों के उल्लंघन के कानूनी परिणामों की भी जानकारी दी गई।

नियम पालन करने वालों का किया गया सम्मान

अभियान के अंतर्गत यातायात नियमों का पालन करते पाए गए नागरिकों को दुर्ग पुलिस द्वारा गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य लोगों को सकारात्मक प्रोत्साहन देकर नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना रहा।

सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश

दुर्ग पुलिस द्वारा आयोजित इस जागरूकता अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे रचनात्मक प्रयासों से जन-जागरूकता बढ़ेगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में सहायता मिलेगी।

You may also like