दुधावा। बांगाबारी ग्राम में मिली अज्ञात युवती की लाश के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए घटना के मात्र 48 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली। इस सनसनीखेज हत्या कांड में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
तालाब में मिला था अज्ञात महिला का शव
दिनांक 02 फरवरी 2026 को ग्राम बांगाबारी के बुढ़ा तालाब स्थित पचरी में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव का निरीक्षण किया गया। शव साड़ी में लिपटा हुआ था, जिससे हत्या की आशंका जताई गई।
व्हाट्सएप के जरिए हुई पहचान
गवाहों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में शव की पहचान के प्रयास किए गए। साड़ी से चेहरा हटाकर फोटो को पहचान हेतु व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किया गया, जिसके बाद मृतिका की पहचान नेहा वट्टी (18 वर्ष), निवासी ग्राम बासनवाही के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की।
प्रेम संबंध और धमकी से उपजी हत्या
जांच के दौरान पुलिस ने कड़ी जोड़ते हुए बिरेन्द्र ध्रुव (33 वर्ष) और भागवत ध्रुव (23 वर्ष) निवासी ग्राम जबर्रा, जिला धमतरी को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार किया। मुख्य आरोपी बिरेन्द्र ध्रुव का मृतिका से प्रेम संबंध था और वह पहले से शादीशुदा था। मृतिका द्वारा शादी का दबाव बनाने और जेल भिजवाने की धमकी से परेशान होकर उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
तालाब में डुबोकर की गई हत्या
दिनांक 01 फरवरी 2026 की रात आरोपियों ने मृतिका को भगाने का बहाना बनाकर मोटरसाइकिल से बांगाबारी तालाब ले जाकर बातचीत के बहाने पचरी में बुलाया और तालाब में डुबोकर हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने के लिए मृतिका का मोबाइल, चप्पल, कपड़े और आधार कार्ड तालाब में फेंक दिए गए।
बरामदगी और कार्रवाई
आरोपियों की निशानदेही पर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, तथा गोताखोरों की मदद से तालाब से फेंके गए साक्ष्य बरामद किए गए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
