Home » Blog » बलौदाबाजार में मॉडर्न ट्रैफिक पुलिस बूथ का उद्घाटन

बलौदाबाजार में मॉडर्न ट्रैफिक पुलिस बूथ का उद्घाटन

यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में जिला पुलिस का एक और कदम

by cgprimenews.com
0 comments
अंबेडकर चौक बलौदाबाजार में मॉडर्न ट्रैफिक पुलिस बूथ का उद्घाटन करते पुलिस अधिकारी

बलौदाबाजार। जिला में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को बलौदाबाजार शहर के प्रमुख अंबेडकर चौक में मॉडर्न ट्रैफिक पुलिस बूथ का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस बूथ का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता एवं वन मंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील द्वारा फीता काटकर किया गया।

जिले को मिली आधुनिक यातायात सुविधा

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मॉडर्न ट्रैफिक पुलिस बूथ जिले में यातायात नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। वर्तमान में बलौदाबाजार, भाटापारा एवं सिमगा क्षेत्रों में ऐसे मॉडर्न ट्रैफिक पुलिस बूथ स्थापित किए गए हैं, जिससे व्यस्त चौराहों पर यातायात संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।

पुलिस कर्मियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण

इस ट्रैफिक बूथ को यातायात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। बूथ में पंखे की व्यवस्था के साथ-साथ पीए सिस्टम लगाया गया है, जिससे यातायात नियमों के संबंध में नागरिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकें। इसके अलावा जनरेटर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि रात्रि के समय भी पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनी रहे।

मजबूत संरचना, बेहतर निगरानी

मॉडर्न ट्रैफिक पुलिस बूथ की संरचना मजबूत एवं टिकाऊ बनाई गई है। बूथ के भीतर एक साथ दो पुलिसकर्मी उपस्थित रहकर व्यस्त चौराहों पर यातायात नियंत्रण, नियमों का पालन एवं आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर सकेंगे। इससे दुर्घटनाओं में कमी आने के साथ-साथ आम नागरिकों को भी सुविधा मिलेगी।

यातायात सुधार की दिशा में निरंतर प्रयास

पुलिस प्रशासन ने बताया कि कुछ दिन पूर्व यातायात शाखा भाटापारा के नवनिर्मित भवन का भी उद्घाटन किया गया था। जिले में यातायात व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने के लिए आगे भी इसी तरह के कार्य लगातार किए जाते रहेंगे।

You may also like