CG Prime News@भिलाई. Durg Police’s Makar Sankranti Festival 2026 यातायात सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत दुर्ग पुलिस द्वारा हेलिपैड ग्राउंड, सिविक सेंटर, भिलाई में संस्कृति से सुरक्षा की ओर थीम पर मकर संक्रांति के अवसर पर भव्य पतंग महोत्सव का आयोजन बुधवार को किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, दुर्ग रेंज पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल थे।

संस्कृति से सुरक्षा की थीम में दुर्ग पुलिस का मकर संक्राति महोत्सव, लोगों को बताया ट्रैफिक नियम
सामूहिक रूप से उड़ाई पतंग
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को यह संदेश देना था कि जिस प्रकार पतंग में रस्सी बंधी रहने से सुरक्षित आसमान में उड़ता है। उसी प्रकार हम वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करते हैं तो सड़क में हम सुरक्षित रहते हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित मुख्य अतिथियों, नागरिकों और बच्चों ने सामूहिक रूप से पतंग उड़ाई। देखते ही देखते पूरा आसमान रंग-बिरंगे पतंगों से भर गया।
स्कूली छात्राओं ने दी शास्त्रीय नृत्यों की प्रस्तुति
कार्यक्रम में देव संस्कृति स्कूल की छात्राओं ने देश के विभिन्न शास्त्रीय नृत्यों की प्रस्तुति दी। वहीं दिशा इंस्टिट्यूट, वायआई (ङ्घशह्वठ्ठद्द ढ्ढठ्ठस्रद्बड्ड) से हर्ष जैन, आशु पांडे, वसीम खान सहित विभिन्न संस्थाओं और व्यक्तियों को यातायात जागरूकता में योगदान हेतु सम्मानित किया गया।
विंटेज वाहनों की झांकी रही आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम में विंटेज वाहनों की झांकी, रॉयल एनफील्ड और टीवीएस द्वारा हेलमेट आधारित सेफ्टी राइडिंग स्टॉल, स्कोडा, हुंडई और टाटा द्वारा सीट बेल्ट आधारित सेफ्टी ड्राइविंग स्टॉल लगाए गए थे। बच्चों के लिए झूले और मनोरंजन की विशेष व्यवस्थाएं की गईं थीं।
जागरूकता झांकियों का किया प्रदर्शन
ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट वाहन संचालन, ट्रिपल सीटिंग और रैश ड्राइविंग से होने वाली दुर्घटनाओं पर आधारित जागरूकता झांकियों का प्रदर्शन किया गया। यातायात नियमों से संबंधित स्टॉल, बैनर एवं पोस्टरों के माध्यम से जनसामान्य को जागरूक किया गया। मकर संक्रांति के अवसर पर उपस्थित नागरिकों, बच्चों को नि:शुल्क खिचड़ी, तिल से बनी गजक, लड्डू चॉकलेट और पतंग का वितरण किया गया।
