Home » Blog » होली पर कबीरधाम पुलिस सख्त

होली पर कबीरधाम पुलिस सख्त

होली पर्व को शांतिपूर्ण बनाने विशेष अभियान, निगरानीशुदा बदमाशों की काउंसलिंग, संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग और सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर

by cgprimenews.com
0 comments
कबीरधाम पुलिस द्वारा होली से पहले निगरानी बदमाशों को थाने में समझाइश देते पुलिस अधिकारी

कबीरधाम। होली पर्व के मद्देनज़र जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए कबीरधाम पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत निगरानीशुदा बदमाशों, गुंडा तत्वों एवं असामाजिक व्यक्तियों को थाने बुलाकर सख्त हिदायत दी गई। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग या आपराधिक गतिविधियों को रोकना है।

एसपी के निर्देश पर चलाया जा रहा विशेष अभियान

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशानुसार जिलेभर में निगरानी कार्रवाई तेज कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में कोतवाली थाना प्रभारी योगेश कश्यप द्वारा थाना क्षेत्र के चिन्हित व्यक्तियों को तलब कर समझाइश दी गई।

हुड़दंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान जबरन रंग लगाने, शराब पीकर उत्पात मचाने, मारपीट करने या सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के साथ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च और पेट्रोलिंग

त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अफवाह फैलाने या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर साइबर सेल की निगरानी रहेगी।

शांति समिति बैठकों पर जोर

पुलिस प्रशासन द्वारा सभी थाना प्रभारियों को शांति समिति की बैठकें आयोजित करने और नागरिकों के साथ संवाद बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहार सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

पुलिस की अपील

कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

You may also like