CG Prime News@भिलाई.CSVTU bhilai money fraud case छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) में PHD पंजीकृत शोधार्थियों से निर्धारित शुल्क के नाम पर धोखाधड़ी और जालसाजी करने वाले कनिष्ठ सलाहकार सुनील कुमार प्रसाद को नेवई थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शिकायत पर विश्वविद्यालय स्तर पर गठित दो सदस्यीय जांच समिति की प्रारंभिक जांच में कुल 9,44,500 रुपए की राशि का गबन पाया गया है।
मिली थी शिकायत
नेवई थाना पुलिस ने बताया कि विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव ने 27 जनवरी को थाना नेवई को पत्र भेजा। जिसमें बताया गया कि पीएचडी में पंजीकृत कई शोधार्थियों ने कुलपति से शिकायत की थी। जांच में यह तथ्य सामने आया कि विश्वविद्यालय की पी.एच.डी. शाखा में कार्यरत कनिष्ठ सलाहकार सुनील कुमार प्रसाद द्वारा शोधार्थियों से नकद राशि लेकर फर्जी फीस रसीदें जारी की गईं। प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर थाना नेवई में अपराध क्रमांक 062/2026 धारा 316(2), 336(3), 338, 340(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
जांच में आरोप पाया गया सही
विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध अपराध प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी का मेमोरण्डम कथन लेकर जब्ती कार्यवाही की गई। दिनांक 09.02.2026 को गिरफ्तार कर कोर्ट में प्रस्तुत किया गया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल किया गया है।
30-30 हजार रुपए लिए जाते थे
छात्रों से पीएचडी सब्मिशन के नाम पर 30-30 हजार रुपए लिए जाते थे। लेकिन उन्हें जो रसीद दी जाती थी वो फर्जी होती थी। इसका खुलासा छात्रों की शिकायत के बाद हुआ था। नए कुलपति के पास जब छात्र शिकायत लेकर पहुंचे तो धीरे-धीरे कई छात्र सामने आए। इसको लेकर विश्वविद्यालय ने नेवई थाने में शिकायत की थी।
जांच में फर्जी रसीदें मिलीं
जांच समिति की रिपोर्ट में सामने आया कि सुनील कुमार प्रसाद ने शोधार्थियों से नकद फीस ली और उन्हें जो रसीदें दी गईं, वे फर्जी पाई गईं। कुछ मामलों में फीस की राशि सीधे उसके निजी बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कराई गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने नकद राशि लेने की बात स्वीकार की।
