Wednesday, February 11, 2026
Home » Blog » गणतंत्र दिवस को लेकर दुर्ग रेलवे स्टेशन पर सघन सुरक्षा जांच

गणतंत्र दिवस को लेकर दुर्ग रेलवे स्टेशन पर सघन सुरक्षा जांच

रेसूबल, जीआरपी व स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, डॉग स्क्वाड व आधुनिक उपकरणों से चेकिंग

by cgprimenews.com
0 comments
गणतंत्र दिवस से पहले दुर्ग रेलवे स्टेशन पर रेल सुरक्षा बल द्वारा सघन चेकिंग

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चला अभियान

दुर्ग | गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र मुन्नवर ख़ुर्शीद, महा निरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेल सुरक्षा बल (रेसूबल), बिलासपुर एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेल सुरक्षा बल, रायपुर के निर्देशानुसार दुर्ग रेलवे स्टेशन पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इसी क्रम में पोस्ट प्रभारी दुर्ग के नेतृत्व में दिनांक 24.01.2026 को सुरक्षात्मक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

संयुक्त बलों की रही भागीदारी

इस अभियान में रेल सुरक्षा बल, लोकल थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग के टी.आई. एवं पुलिस बल, BDDS टीम, डॉग स्क्वाड तथा जीआरपी ने संयुक्त रूप से भाग लिया। अभियान का उद्देश्य गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्टेशन परिसर एवं यात्रियों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।

स्टेशन परिसर में हर स्तर पर जांच

सुरक्षा जांच के दौरान दुर्ग रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया एवं पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों की गहन जांच की गई। स्टेशन के मुख्य द्वार पर लगे बैगेज स्कैनर के माध्यम से यात्रियों के सामानों की जांच DSMD, Explosive Detector, HHMD एवं स्वान (डॉग स्क्वाड) की सहायता से की गई।

वेटिंग हॉल, पार्सल व प्लेटफॉर्म पर सतर्कता

स्टेशन के वेटिंग हॉल में रुके यात्रियों के सामानों की भी इन्हीं आधुनिक सुरक्षा उपकरणों से जांच की गई। वहीं पार्सल कार्यालय में बुक किए जाने वाले एवं आवक पार्सलों को पार्सल स्कैनर मशीन से चेक किया गया। स्टेशन परिसर एवं प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों के सामानों की भी सघन तलाशी ली गई।

ट्रेन जांच और CCTV से निगरानी

सुरक्षा के तहत ट्रेन नंबर 15160 की जांच कर उसे सुरक्षित पास कराया गया। इसके अतिरिक्त CCTV कैमरों के माध्यम से पूरे स्टेशन परिसर पर लगातार निगरानी रखी गई। पी.ए. सिस्टम एवं लाउड हेलर के जरिए यात्रियों को सतर्कता एवं सुरक्षा संबंधी संदेश देकर जागरूक किया गया।

स्थिति रही सामान्य

जांच अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। सम्पूर्ण अभियान शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

You may also like