Home » Blog » अपराध नियंत्रण के लिए जिले में सघन कांबिंग गश्त और चेकिंग अभियान

अपराध नियंत्रण के लिए जिले में सघन कांबिंग गश्त और चेकिंग अभियान

गुंडा-बदमाश, अवैध प्रवासी और नशे के कारोबार पर दुर्ग पुलिस की सख्त कार्रवाई

by cgprimenews.com
0 comments
दुर्ग जिले में पुलिस द्वारा सघन कांबिंग गश्त और चेकिंग अभियान

दुर्ग। जिले में अपराधों की रोकथाम एवं कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा सघन कांबिंग गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। माननीय पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज के निर्देशन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के आदेशानुसार यह विशेष अभियान दिनांक 28 जनवरी 2026 को प्रातः 4 बजे से 8 बजे तक संचालित किया गया।

संवेदनशील इलाकों में सघन जांच

अभियान के तहत संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु पृथक-पृथक पुलिस टीमों का गठन किया गया। थाना खुर्सीपार अंतर्गत देवार मोहल्ला तथा थाना भिलाई भट्ठी क्षेत्र के उड़िया मोहल्ला, सेक्टर-04 भिलाई में व्यापक स्तर पर जांच, तलाशी एवं चेकिंग की गई। पुलिस द्वारा मकान-दर-मकान तलाशी लेकर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और सत्यापन किया गया।

वाहन, मकान और व्यक्तियों की गहन जांच

कांबिंग गश्त के दौरान सशक्त ऐप के माध्यम से 120 से अधिक वाहनों की सघन चेकिंग की गई। वहीं 105 से अधिक संदिग्ध मकानों की तलाशी एवं जामा तलाशी ली गई। इसके अतिरिक्त 32 से अधिक मुसाफिरों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लेकर पहचान सत्यापन किया गया। अभियान के दौरान चाकू, हथियार एवं अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं रखने वाले गुंडा-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

खुर्सीपार में गांजा व अवैध शराब पर कार्रवाई

थाना खुर्सीपार क्षेत्र में क्राइम कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लगभग 2 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ आरोपी चंद्रपाल देवार, पिता गुड्डू देवार, उम्र 25 वर्ष, निवासी देवार पारा खुर्सीपार को गिरफ्तार कर विधि सम्मत कार्रवाई की। इसके अलावा अवैध रूप से शराब विक्रय करते पाए जाने पर आरोपी अमीरो बाघ, पिता करमु बाघ, उम्र 35 वर्ष, निवासी देवार बस्ती खुर्सीपार के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

अभियान आगे भी रहेगा जारी

दुर्ग पुलिस द्वारा बताया गया कि इस प्रकार के कांबिंग गश्त एवं चेकिंग अभियान अपराधियों, अवैध प्रवासियों एवं नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने में सहायक हैं। आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने हेतु भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

You may also like