CG Prime News@भिलाई. भिलाई में हनुमान जंयती के दिन गुरुवार को जमकर बवाल हो गया। बुधवार की रात निगम के गार्डन में किसी ने चुपके से हनुमान जी की मूर्ति स्थापित कर दी। जब इसकी जानकारी नगर निगम को हुई, तो अधिकारियों ने सब्बल से मूर्ति को उखड़वा दिया। जिससे विवाद और तनाव की स्थिति बन गई।
CSP के साथ तीखी बहस
हिंदू संगठनों ने इसका विरोध करते हुए सुपेला थाने का घेराव कर दिया। मामला बिगड़ता देख सीएसपी ने मोर्चा संभाला। लेकिन हिंदू संगठन के नेता सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी के साथ ही भिड़ गए। दोनों के बीच जमकर बहस हुई। हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता निगम के अधिकारी और जोन आयुक्त के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर थाने के सामने करीब 3 घंटे तक धरने पर बैठे रहे।

भिलाई में हनुमान जयंती पर पार्क में मूर्ति की स्थापना, निगम ने मूर्ति हटाया तो मच गया बवाल
मूर्ति रखने वाले पर करेंगे कार्रवाई
सुपेला थाना घेराव के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर बहस भी हुई। जिससे माहौल कुछ देर के लिए गरमा गया। भिलाई नगर सीएसपी ने कहा कि, एफआईआर उस व्यक्ति के खिलाफ होगी, जिसने बिना प्राण प्रतिष्ठा किए मूर्ति को गाड़ दिया है। मूर्ति तोडऩे की कोई बात नहीं है।
बजरंग दल ने की एफआईआर की मांग
घटना के विरोध में बजरंग दल के पदाधिकारी सुपेला थाना पहुंचे और नगर निगम के अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। धरने के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। धरने के दौरान भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने प्रदर्शनकारियों से आवेदन देने को कहा, लेकिन संगठन के लोग अपनी मांग पर अड़े रहे।
24 घंटे का समय मांगा
वहीं इस मामले में भिलाई नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी तिलेश्वर साहू ने बताया कि, हनुमान जयंती के चलते हिंदू संगठन ने मूर्ति हटाने के लिए 24 घंटे का समय मांगा है। उनका कहना था कि, जिसने स्थापित किया है, वो ही हटा लेगा। ऐसा आश्वासन निगम और पुलिस के सामने दिया है।
यह है पूरा विवाद
मिली जानकारी के अनुसार भिलाई नगर निगम के नेहरू नगर के गार्डन में बने योग एरिया में बुधवार की रात हनुमान जी की मूर्ति स्थापित कर दी गई थी। सूचना मिलने के बाद नगर निगम की टीम रात में मौके पर पहुंची, कथित तौर पर अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की। हिंदू संगठन का आरोप है कि, इस दौरान मूर्ति को नुकसान पहुंचाया गया, जबकि निगम का कहना है कि, मूर्ति अचानक रात में रखी गई थी। गार्डन की बाउंड्री भी तोड़ी गई थी। इसलिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
