Home » Blog » दुर्ग जिले के समोदा में अफीम की अवैध खेती, ज्वार की फसल के बीच में बोया अफीम

दुर्ग जिले के समोदा में अफीम की अवैध खेती, ज्वार की फसल के बीच में बोया अफीम

मौके पर बुलाया तहसीलदार, आरआई को

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
cg prime news

CG Prime News@दुर्ग.Opium cultivation in Samoda Durg district दुर्ग जिले के समोदा गांव में अफीम की खेती करने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही जेवरा सिरसा चौकी पुलिस के साथ एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने रेड कार्रवाई की है। 1 एकड़ में अफीम की लहलहाती फसल देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस ने पूरे खेत को कब्जे में ले लिया है। वहीं एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

चल रही जांच

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि शुक्रवार को समोदा गांव में अफीम की खेती की सूचना पर छापेमार कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। वहीं संदिग्ध से भी पूछताछ की जा रही है। बतां दें कि दुर्ग जिले में अफीम की खेती की यह पहला मामला है। ऐसे में नशे के खिलाफ दुर्ग पुलिस के अभियान को बड़ी सफलता मिली है।

ज्वार की फसल के बीच में बोया अफीम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार समोदा के जिस खेत में अफीम बोया गया हैं वहां बड़ी चालाकी से चारों तरफ ज्वार भी बोया गया है। ताकि किसी को भनक न लगे। ज्वार की खेती के बीच में अफीम को छिपाकर उगाया गया है। वहीं जमीन के असली मालिक का कहना है कि उसने अपना खेत लीज पर दिया था। इस पर किसकी खेती हो रही है उसे जानकारी नहीं थी। खेत में काम करने वाले मजदूर भी खंडवा के हैं। फिलहाल पुलिस विनायक ताम्रकार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

मौके पर बुलाया तहसीलदार, आरआई को

अफीम की खेती को देखकर पुलिस ने मौके पर तहसीलदार और आरआई को बुलाया है। उनकी मौजूदगी में ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर अफीम की चोरी-छिपे खेती को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि यहां पूरी सोची-समझी साजिश के तहत अफीम उगाया जा रहा है। अफीम के खेत के पास चारों ओर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए हैं।

 

You may also like