नेशनल हाइवे पर सतर्कता से बची अनहोनी
भिलाई. नेशनल हाइवे-53 के किनारे खड़ी एक ट्रक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय ट्रक से धुआं उठता देख चालक ने तुरंत पुलिस (Police) को सूचना दी। भिलाई-तीन थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए फायर एक्सटिंगुइशर की मदद से आग पर काबू पा लिया। पुलिस की सूझबूझ से न सिर्फ बड़ा हादसा टल गया, बल्कि यातायात व्यवस्था भी प्रभावित नहीं होने दी गई।
यह भी पढ़ेः दो कारों की आमने-सामने टक्कर, दो लोगों की मौके पर मौत, 5 लोग घायल
कैसे लगी आग, क्या रही स्थिति
भिलाई तीन थाना टीआई अंबर सिंह भरद्वाज ने बताया कि ट्रक नेशनल हाइवे-53 के किनारे खड़ी थी। अचानक ट्रक के इंजन या केबिन हिस्से से धुआं निकलने लगा, जो देखते ही देखते आग में तब्दील हो गया। चालक की सतर्कता और पुलिस को समय पर दी गई सूचना से हालात काबू में रहे।
ट्रैफिक पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। तब तक ट्रक में आग फैल चुकी थी। पुलिसकर्मियों ने ट्रक में मौजूद फायर एक्सटिंगुइशर को बाहर निकाला और बिना देर किए आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। कुछ ही मिनटों में आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। आग बुझने के तुरंत बाद पुलिस ने सड़क को सुरक्षित किया और ट्रैफिक को नियंत्रित ढंग से चालू कराया। पुलिस की तत्परता के चलते हाईवे पर जाम की स्थिति नहीं बनी और यातायात सामान्य रूप से चलता रहा।
