Thursday, February 19, 2026
Home » Blog » पिता ने टांगी से वार कर बेटी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

पिता ने टांगी से वार कर बेटी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

घर निर्माण को लेकर हुए विवाद में आंगनबाड़ी सहायिका बेटी की मौत, पुलिस ने भेजा जेल

by cgprimenews.com
0 comments
ग्राम जामटोली में बेटी की हत्या के आरोपी पिता को गिरफ्तार करती नारायणपुर पुलिस।

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने गुस्से में अपनी ही बेटी की टांगी से वार कर हत्या कर दी। घटना थाना नारायणपुर क्षेत्र के ग्राम जामटोली की है। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

घर निर्माण के पैसे को लेकर हुआ विवाद

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका बिंदिया लकड़ा (23 वर्ष) आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत थी और अपने घर के पास नया मकान बनवा रही थी। इसके लिए नींव खुदवाकर बालू-गिट्टी भी मंगवाई गई थी।

18 फरवरी की दोपहर करीब 3 बजे आरोपी पिता लौरेस लकड़ा (47 वर्ष) घर पहुंचा और मकान निर्माण के लिए जल्द ईंट-गिट्टी मंगवाने या पैसे देने की बात को लेकर बेटी से विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने आवेश में आकर घर में रखी टांगी के पिछले हिस्से से बेटी के सिर पर वार कर दिया।

मौके पर ही हुई मौत

सिर में गंभीर चोट लगने से बिंदिया लकड़ा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मृतिका की बहन अनुषा लकड़ा द्वारा थाना नारायणपुर में दी गई, जिसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शव पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें सिर की गंभीर चोट को मौत का कारण बताया गया।

हत्या का मामला दर्ज, हथियार जब्त

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और जेल भेज दिया गया। हत्या में प्रयुक्त टांगी भी पुलिस ने जब्त कर ली है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

मामले की जांच और गिरफ्तारी में सहायक उप निरीक्षक उमेश प्रभाकर, प्रधान आरक्षक पुरनचंद पटेल, उमेश मिंज, आरक्षक अशोक कंसारी, अमित एक्का तथा नगर सैनिक वीरेंद्र भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पारिवारिक विवादों में हिंसा गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You may also like