Saturday, April 4, 2026
Home » Blog » स्वास्थ्य विभाग का फर्जी अधिकारी बनकर नामी डॉक्टर से पैसों की डिमांड, फिर…

स्वास्थ्य विभाग का फर्जी अधिकारी बनकर नामी डॉक्टर से पैसों की डिमांड, फिर…

दुर्ग में फर्जी अधिकारी बनकर अस्पताल संचालक से पैसों की मांग का मामला सामने आया है। पुलिस ने BNS धारा 308(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
CG PRIME NEWS

CG Prime News@दुर्ग. जिले में फर्जी पहचान बनाकर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। आर्य नगर स्थित गंगोत्री अस्पताल के संचालक डॉ. ओम प्रकाश कराड़े ने मोहन नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति ने स्वयं को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से जुड़ा अधिकारी बताते हुए उनसे संपर्क किया और अस्पताल के खिलाफ कथित शिकायत का हवाला देकर पैसे की मांग की।

कॉल करके बनाने लगा दबाव

डॉ. कराड़े के मुताबिक, 17 मार्च 2026 को मोबाइल नंबर 9336118197 से उन्हें कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को अजय अग्रवाल बताते हुए मंत्रालय में सचिव के निजी स्टाफ का अधिकारी बताया। आरोपी ने अस्पताल के खिलाफ शिकायत होने की बात कहकर उसे सुलझाने के नाम पर मानसिक दबाव बनाया और अप्रत्यक्ष रूप से धन की मांग की।

मंत्रालय बुलाया पर गेट में रोका

शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी ने उन्हें मंत्रालय बुलाया, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें गेट पर ही रोक दिया गया और अंदर प्रवेश के लिए कोई पास जारी नहीं किया गया। इस घटना से यह स्पष्ट हुआ कि पूरा मामला सुनियोजित धोखाधड़ी का है।

संगठित गिरोह की आशंका

डॉ. कराड़े ने अपनी शिकायत में उल्लेख किया है कि आंतरिक जानकारी से यह पुष्टि हुई कि इस नाम का कोई भी व्यक्ति मंत्रालय में कार्यरत नहीं है। साथ ही, अन्य अस्पताल संचालकों के साथ भी इसी तरह की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे संगठित गिरोह की आशंका जताई जा रही है।

मामला में दर्ज किया अपराध

मोहन नगर थाना टीआई केशव कोसले ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

पीडि़त ने प्रशासन से इस तरह की घटनाओं की रोकथाम के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार की ठगी का शिकार न हो।

You may also like