राज्य के लिए सर्वोच्च बलिदान को किया गया नमन
बलौदाबाजार। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर अमर शहीद उप निरीक्षक युगल किशोर वर्मा को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनकी वीरता और बलिदान को नमन किया गया। इस अवसर पर उनकी जन्मभूमि पलारी स्थित प्राथमिक शाला तथा शहीद प्रतिमा स्थल में गरिमामय शहीद सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
छात्रों को सुनाई गई शहीद की प्रेरक वीरगाथा
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को शहीद उप निरीक्षक युगल किशोर वर्मा की वीरगाथा से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने बताया कि किस प्रकार उन्होंने नक्सलियों के खिलाफ मुठभेड़ के दौरान अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। उनकी शहादत आज भी पुलिस बल एवं युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनी हुई है।
पलारी की मिट्टी में जन्मे, देश के लिए हुए अमर
विदित हो कि शहीद युगल किशोर वर्मा पलारी नगर के निवासी थे तथा उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक शाला पलारी से ही प्राप्त की थी। उसी विद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन कर विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि साधारण परिवेश से निकलकर भी असाधारण देशभक्ति और शौर्य का उदाहरण प्रस्तुत किया जा सकता है।
देशभक्ति और कर्तव्यबोध का दिया गया संदेश
कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करना रहा। शहीद की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा “शहीद युगल किशोर वर्मा अमर रहें” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
