दुर्ग। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रजत जयंती वर्ष का उत्सव पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) द्वारा दुर्ग संभाग के अंतर्गत आने वाले दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा जिलों में “बिजली उत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 30 जनवरी से 06 फरवरी 2026 तक विभिन्न वितरण केंद्रों एवं संभागीय स्तर पर आयोजित होंगे।
जनता तक पहुंचेगी बिजली विभाग की सेवाएं
इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी विद्युत योजनाओं की जानकारी सीधे आम नागरिकों तक पहुंचाना तथा उपभोक्ताओं को डिजिटल सेवाओं से जोड़ना है। आयोजन स्थल पर बिजली विभाग की प्रमुख योजनाओं एवं सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
प्रदर्शनी और ऑन-स्पॉट सुविधाएं
कार्यक्रमों में बीपीएल कनेक्शन, कृषक जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, पीएम कुसुम योजना, केंद्रीकृत कॉल सेंटर, मोर बिजली ऐप एवं ऑनलाइन उपभोक्ता सेवाओं की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत मौके पर ही पंजीयन हेतु हेल्प डेस्क की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
डिजिटल जागरूकता और हितग्राही सम्मान
ऊर्जा विकास एवं विद्युत सुधारों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही पीएम सूर्यघर योजना, बीपीएल कनेक्शनधारी, महिला उपभोक्ता, कृषि पंप उपभोक्ता एवं जन-मन योजना के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
तीनों जिलों में चरणबद्ध आयोजन
दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा जिलों में वितरण केंद्र एवं संभागीय स्तर पर अलग-अलग तिथियों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इन आयोजनों में भाग लेकर योजनाओं का लाभ उठा सकें।
नागरिकों से सहभागिता की अपील
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के मुख्य अभियंता संजय खंडेलवाल ने समस्त नागरिकों एवं बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इन कार्यक्रमों में उपस्थित होकर शासन की योजनाओं की जानकारी लें और अपनी विद्युत संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त करें।
