CG Prime News@दुर्ग. durg jamul theft gang busted 6 accused arrested दुर्ग Police ने थाना जामुल क्षेत्र में सूने मकानों में चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत 6 आरोपियों और एक विधि विरुद्ध बालक को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, घरेलू सामान और चोरी में इस्तेमाल वाहन बरामद किए हैं।
दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस के मुताबिक जामुल थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड इलाके में अप्रैल 2026 के दौरान दो सूने मकानों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। पहली शिकायत सिम्मी अहिरवार ने दर्ज कराई थी, जिसमें अज्ञात चोरों द्वारा घर का दरवाजा तोड़कर नगदी और चांदी के सामान चोरी करने की बात कही गई थी। दूसरी घटना में देव सिंह थापा परिवार सहित विवाह कार्यक्रम में बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मकान का ताला और आलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और घरेलू सामान पार कर दिया।
CCTV और तकनीकी जांच से मिले सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए ACCU टीम और थाना जामुल पुलिस ने संयुक्त जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। जांच के दौरान आदतन आरोपी अर्जुन सिंह उर्फ गोरखा को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
चोरी के पैसों से खरीदे मोबाइल भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की अंगूठी, हार, लॉकेट, चांदी के पायल, बिछिया, चेन, सिक्का, एलसीडी टीवी और अन्य सामान बरामद किया है। इसके अलावा चोरी की रकम से खरीदे गए दो वीवो मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी और दरवाजा तोड़ने के औजार भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के मामलों में शामिल रह चुके हैं। उनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ जारी है।
