Thursday, April 2, 2026
Home » Blog » गणतंत्र दिवस पर दुर्ग पुलिस का “ऑपरेशन सुरक्षा”, 122 पर कार्रवाई

गणतंत्र दिवस पर दुर्ग पुलिस का “ऑपरेशन सुरक्षा”, 122 पर कार्रवाई

दुर्ग-भिलाई में 14 स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग, स्टंट करने वालों पर सख्ती

by cgprimenews.com
0 comments
दुर्ग पुलिस द्वारा गणतंत्र दिवस पर वाहन चेकिंग अभियान

दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु व्यापक अभियान

दुर्ग | राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आम नागरिकों की जानमाल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा “ऑपरेशन सुरक्षा” के तहत दुर्ग-भिलाई शहर में व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर यातायात पुलिस के साथ-साथ स्थानीय थाना एवं चौकी बल की तैनाती की गई।

14 स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग

अभियान के तहत दुर्ग-भिलाई शहर के कुल 14 स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की गई। इस दौरान यातायात नियमों एवं मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। नियम तोड़ने वाले कुल 122 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

स्टंटबाजों पर कठोर कार्रवाई, वाहन जप्त

दुपहिया वाहन चेकिंग के दौरान तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए रोड पर लहराकर स्टंट करने, साथ ही नंबर प्लेट को रूमाल एवं टाई से बांधकर वाहन की पहचान छुपाने वाले चालकों के विरुद्ध विशेष कार्रवाई की गई। ऐसे 13 दुपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर उनके वाहन जप्त किए गए।

इन मामलों में थाना मोहन नगर से 6, भिलाई नगर से 5 तथा सुपेला एवं नेवई थाना क्षेत्र से 1-1 प्रकरण दर्ज किए गए। आरोपियों के विरुद्ध धारा 281 बीएनएस एवं धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

चालानी कार्रवाई का विवरण

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 122 वाहन चालकों में से यातायात पुलिस द्वारा 99, भिलाई नगर से 10, चौकी नगपुरा (थाना पुलगांव) से 4, भिलाई भट्टी से 3, अमलेश्वर एवं नंदिनी नगर से 2-2 तथा नेवई एवं छावनी से 1-1 चालानी कार्रवाई की गई।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें, तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन न चलाएं तथा स्टंट जैसी खतरनाक गतिविधियों से दूर रहें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन सुरक्षा” के तहत यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

You may also like