दुर्ग। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष अभियान चलाते हुए असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के तहत अशांति फैलाने एवं आपराधिक घटनाओं की आशंका के आधार पर कुल 28 आदतन आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
विशेष अभियान के तहत कार्रवाई
पुलिस द्वारा त्योहार के मद्देनजर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार निगरानी, पेट्रोलिंग एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। चाकूबाजी की प्रवृत्ति रखने वाले व्यक्तियों, अवैध हथियार रखने वालों तथा शांति भंग करने की आशंका वाले आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल दाखिल किया गया।
इन थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार कार्रवाई जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई, जिसमें दुर्ग से 02, मोहन नगर से 04, अंजोरा से 01, नगपुरा से 01, नेवई से 02, सुपेला से 05, जामुल से 02, पुरानी भिलाई से 04, पाटन से 01, उतई से 02 तथा धमधा से 04 आरोपियों पर कार्रवाई शामिल है।
समन्वित पुलिस कार्रवाई
इस अभियान में जिले के सभी थाना प्रभारियों, विशेष शाखा, पेट्रोलिंग टीम एवं थाना स्टाफ की संयुक्त भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार होली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
