Tuesday, August 4, 2026
Home » Blog » दुर्ग: सात महीने में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर शिकंजा, 477 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग: सात महीने में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर शिकंजा, 477 आरोपी गिरफ्तार

120 मामलों में कार्रवाई, 39.29 लाख नकद और 1.65 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त; संगठित अपराध कानूनों के तहत भी जांच तेज

by cgprimenews.com
0 comments
ऑनलाइन जुआ और सट्टा नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी देते दुर्ग पुलिस अधिकारी

भिलाई। Durg: Crackdown on online betting network in seven months; 477 accused arrested. दुर्ग जिले में अवैध जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ वर्ष 2026 में पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जनवरी से अब तक दर्ज 120 प्रकरणों में 477 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 39.29 लाख रुपए नकद के साथ करीब 1.65 करोड़ रुपए मूल्य की सामग्री जब्त की है। जब्त सामान में 522 मोबाइल फोन, 32 लैपटॉप, 70 दोपहिया और चारपहिया वाहन सहित अन्य डिजिटल उपकरण शामिल हैं।

यह भी पढ़ेः शराब घोटाला जांच में EOW की कार्रवाई, भिलाई के 2 ऑडिटरों के घर छापा

साइबर तकनीक से संगठित नेटवर्क तक पहुंची पुलिस

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, साइबर सेल और विशेष जांच दलों ने संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस ने केवल मौके पर कार्रवाई करने के बजाय साइबर तकनीक, डिजिटल साक्ष्य, बैंकिंग लेन-देन, यूपीआई ट्रांजेक्शन और तकनीकी विश्लेषण के जरिए पूरे नेटवर्क की पहचान कर कार्रवाई की।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि वर्ष 2026 में दर्ज 21 मामलों में संगठित अपराध से जुड़े कानूनी प्रावधान भी लागू किए गए हैं। इन मामलों में केवल गिरफ्तार आरोपियों तक जांच सीमित नहीं है, बल्कि पूरे आपराधिक सिंडिकेट, मुख्य संचालकों, आर्थिक लाभ लेने वालों, तकनीकी सहयोगियों और अपराध से अर्जित संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।

जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टा के अलग-अलग आंकड़े

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में जुआ के 30 मामलों में 221 आरोपी, सट्टा के 65 मामलों में 155 आरोपी तथा ऑनलाइन सट्टा के 25 मामलों में 101 आरोपी गिरफ्तार किए गए। इन कार्रवाइयों में जुआ प्रकरणों से 22.80 लाख रुपए, सट्टा मामलों से 9.22 लाख रुपए और ऑनलाइन सट्टा मामलों से 7.26 लाख रुपए नकद बरामद किया गया। कुल मिलाकर 39.29 लाख रुपए राजकोष में जमा कराए गए हैं।

कई राज्यों में दबिश, ऑनलाइन पैनल ध्वस्त

पुलिस टीम ने जांच के दौरान बिहार, महाराष्ट्र, हैदराबाद, गोवा और दिल्ली में दबिश देकर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले नेटवर्क की कड़ियां खंगालीं। क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले कई ऑनलाइन पैनलों को ध्वस्त किया गया, जिनमें महादेव ऑनलाइन सट्टा एप से जुड़े पैनल भी शामिल बताए गए हैं। पुलिस जब्त मोबाइल, लैपटॉप, बैंक खातों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से मिले डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण कर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

एसएसपी की अपील

एसएसपी विजय अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की है कि वे जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें। यदि कहीं ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। उन्होंने कहा कि संगठित अपराधों के खिलाफ नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी उपयोग के साथ भविष्य में भी सख्त और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

You may also like