भिलाई. हुडको तालाब में नवरात्रि पर्व से पहले स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति, छत्तीसगढ़ द्वारा 159वां स्वच्छता एवं जल संरक्षण जागरूकता अभियान चलाया गया। समिति की टीम ने तालाब में फेंकी गई पूजन सामग्री, प्लास्टिक झिल्ली, कागज, पानी पाउच, प्लास्टिक बोतल, गुटखा पाउच और खाद्य पदार्थों के रेपर को एकत्र कर निर्धारित स्थान पर डंप किया। बताया गया कि यह कचरा सड़ने से बदबू फैल रही थी, जिसे समिति के सदस्यों ने बाहर निकालकर साफ-सफाई की।
लोगों को स्वच्छता के लिए किया प्रेरित
अभियान के दौरान तालाब परिसर में आए लोगों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और तालाब को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया। समिति के सदस्यों ने बैनर, नारे, स्लोगन और कविता के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया। साथ ही परिसर में लगे पौधों को पानी देकर उनकी देखभाल भी की गई।
समिति ने दिया संदेश
समिति के संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने बताया कि हर वर्ष गर्मी के पहले तालाब की सफाई अभियान चलाया जाता है, जिससे तालाब का पानी साफ और सुरक्षित रह सके। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि कम से कम पूजन सामग्री का उपयोग करें और उसे निर्धारित स्थान पर ही डालें, ताकि तालाब में गंदगी और दुर्गंध न फैले।
प्रशासन से की यह मांग
अभियान के दौरान प्रशासन से अनुरोध किया गया कि तालाब में पूजन सामग्री ठंडा करने के लिए अलग कुंड का निर्माण किया जाए, जिससे तालाब का पानी साफ बना रहे। वहीं स्थानीय निवासी अरुण अग्रवाल ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान समाज को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित कर रहा है।
अभियान में शामिल सदस्य
इस अभियान में नवनीत कुमार हरदेल, निकिता शिंगणे, श्वेता जैन, टीनल हरदेल, चितरंजन दुर्गा देशमुख, कार्तिक राम चंद्राकर, महेंद्र यादव, अरुण अग्रवाल और भोलेंद्र बघेल सहित कई सदस्य शामिल हुए।
