Home » Blog » थाना अंडा में महिला कमांडो हेतु सिविल डिफेंस प्रशिक्षण आयोजित

थाना अंडा में महिला कमांडो हेतु सिविल डिफेंस प्रशिक्षण आयोजित

500 से अधिक महिला कमांडो को आपदा प्रबंधन, आत्मरक्षा और सामाजिक सुरक्षा का प्रशिक्षण; नशा मुक्ति और सुरक्षित ग्राम निर्माण हेतु सामूहिक संकल्प।

by cgprimenews.com
0 comments
थाना अंडा में महिला कमांडो को आपदा प्रबंधन और सुरक्षा प्रशिक्षण देते SDRF अधिकारी

मुख्य प्रशिक्षण गतिविधियाँ

दुर्ग. थाना अंडा परिसर में महिला कमांडो के लिए सिविल डिफेंस प्रशिक्षण एवं प्रेरणा सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल एवं पद्मश्री शमशाद बेगम की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अंडा एवं आसपास के लगभग 40 ग्रामों से 500 से अधिक महिला कमांडो ने सहभागिता की। प्रशिक्षण सत्र में SDRF टीम ने प्राकृतिक आपदा, बाढ़, आगजनी, भूकंप जैसी परिस्थितियों में प्राथमिक प्रतिक्रिया, घायलों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की विधि, आग से बचाव, प्राथमिक उपचार और सामूहिक समन्वय की प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रदर्शन किया।

कानून जागरूकता और महिला सुरक्षा

महिला कमांडो को ग्राम स्तर पर कानून जागरूकता, साइबर सुरक्षा और नशा उन्मूलन अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण में सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, सामुदायिक पुलिसिंग और महिला सुरक्षा संबंधी विधिक प्रावधानों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त महिला कमांडो ग्रामीण समाज में सुरक्षा और जागरूकता की सशक्त आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि ये आपदा की स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान कर सकती हैं और नशा मुक्ति एवं महिला सुरक्षा अभियानों को ग्राम स्तर तक प्रभावी बना सकती हैं।

सामूहिक संकल्प और सहभागिता

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिला कमांडो ने “सशक्त नारी सशक्त छत्तीसगढ़” एवं “नशा मुक्त समाज सुरक्षित समाज” का सामूहिक संकल्प लिया।

इस आयोजन में एसडीओपी धमधा डॉ. चित्रा वर्मा, एसडीओपी पाटन अनुप लकड़ा, जिला सेनानी नगर सेना नागेंद्र सिंह, थाना प्रभारी अंडा पारस ठाकुर, पुलगांव और अंजोरा प्रभारी, थाना अंडा स्टाफ, महिला डेस्क टीम और SDRF दल की सक्रिय भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि वे नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और सामाजिक समरसता में सक्रिय सहभागिता निभाएं और किसी भी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

You may also like