दुर्ग। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अंतर्गत छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल), दुर्ग क्षेत्र द्वारा साइंस कॉलेज परिसर स्थित राधाकृष्ण सभागार में भव्य क्षेत्रीय समारोह का आयोजन किया गया।
ऊर्जा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की बेमिसाल उपलब्धि
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद यदि किसी क्षेत्र में सबसे अधिक प्रगति हुई है, तो वह ऊर्जा क्षेत्र है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2000 में जहां मात्र 74 हजार कृषक उपभोक्ता थे, वहीं आज उनकी संख्या बढ़कर 8.5 लाख हो चुकी है, जो छत्तीसगढ़ की ऊर्जा एवं कृषि समन्वय नीति की सफलता को दर्शाता है।
भविष्य की ऊर्जा योजनाओं पर जोर
मंत्री यादव ने राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री के योगदान को याद करते हुए गंगरेल (रविशंकर जलाशय) परियोजना का उल्लेख किया और बताया कि यह परियोजना रिकॉर्ड समय में पूर्ण की गई। उन्होंने वर्तमान विष्णुदेव साय सरकार की योजनाओं की चर्चा करते हुए नवा रायपुर में प्रस्तावित सेमीकंडक्टर प्लांट एवं विद्युत ट्रांसफार्मर उद्योग की जानकारी दी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में क्रांतिकारी कदम बताया।
सेवानिवृत्त कर्मी और आदर्श उपभोक्ता सम्मानित
कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक दुर्ग ग्रामीण ललित चंद्राकर ने की। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे ने सौर ऊर्जा अपनाने का आह्वान किया।
समारोह में सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों को शाल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही समय पर बिल भुगतान करने वाले, ऊर्जा संरक्षण अपनाने वाले आदर्श घरेलू, कृषि एवं बीपीएल उपभोक्ताओं तथा प्रथम सौर ऊर्जा उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
प्रतियोगिताएं और तकनीकी मार्गदर्शन
ओपन चित्रकला, नारा लेखन, निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम स्थल पर पीएम सूर्यघर योजना के लिए ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन एवं विशेषज्ञ तकनीकी स्टॉल भी लगाए गए थे।
