CG Prime News@रायपुर. Businessman suffers heart attack while playing badminton in Raipur छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बैडमिंटन खेलते-खेलते एक कारोबारी को हार्ट अटैक आ गया। जब तक दोस्त उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचते उनकी मौत हो गई थी। पूरी घटना डीडी नगर थाना इलाके के अश्विनी नगर के सोनकर बाड़ी ग्राउंड की है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें कारोबारी बैडमिंटन कोर्ट पर ही अचेत होकर गिरते हुए दिख रहा है।
हार्डवेयर व्यापारी थे शुगर पेशेंट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक हार्डवेयर कारोबारी की पहचान ईदगाह भाठा निवासी अमृत बजाज (57) के रूप में हुई है। वो शुगर पेशेंट थे। उनका अंतिम संस्कार 16 फरवरी को मरवाड़ी मुक्तिधाम में किया गया। बैडमिंटन कोर्ट से जो वीडियो सामने आया है उसमें मृत कारोबारी ने शॉट मारा और जब शटल कॉक गिर गई तो उसे उठाने गए। फिर, अचानक वह धड़ाम से नीचे गिर गए। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।

रायपुर में बैडमिंटन खेलते हुए कारोबारी को आया हार्ट अटैक, नहीं बची जान
रूटीन में शामिल था बैडमिंटन खेलना
मृत कारोबारी के परिजनों ने बताया कि, वो हर दिन दोस्तों के साथ बैडमिंटन और क्रिकेट खेलने जाते थे। यह उनकी दिनचर्या में शामिल था।16 फरवरी को भी बैडमिंटन कोर्ट गए थे। कारोबारी के दोस्तों ने परिजनों को फोन कर जानकारी दी, तो घटना के बारे में पता चला।
सब कुछ अचानक हुआ
कारोबारी के परिजनों के अनुसार, कारोबारी अमृत बजाज सोमवार को बैडमिंटन खेलने गए थे। सुबह दोस्तों के साथ बैडमिंटन कोर्ट में वो बैडमिंटन खेल रहे थे। इसी दौरान वो अचानक गिर पड़े। दोस्त उनके पास पहुंचे तो वो अचेत मिले। दोस्तों ने उन्हें तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रीमैच्योर हार्ट अटैक के लक्षण
भारत में इस वक्त दिल की बीमारियों और डायबिटीज की महामारी चल रही है। युवा भी इसका शिकार हो रहे हैं। कई मामलों में ये देखने को मिला है कि बिना किसी लक्षण के अचानक हार्ट अटैक आता है और हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही मौत हो जाती है। हार्ट अटैक से पहले कई मामलों में लक्षण दिखाई देते हैं। जैसे- सीने में दर्द, भारीपन और जकड़न, एसिडिटी जैसा महसूस होना, बाएं कंधे या बाएं हाथ में दर्द महसूस होना, सांस फूलना।
