दुर्ग। सिटी कोतवाली पुलिस ने पुराने पैसों की वसूली को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी मुख्य आरोपी प्रशांत राव को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। (Young man murdered over old money dispute, main accused arrested)
दुर्ग कोतवाली टीआई नवीन सिंह राजपूत ने बताया कि घटना 25 जनवरी को थाना सुपेला से मर्ग-0/2026 धारा 194 बीएनएसएस के अंतर्गत मर्ग डायरी मिली थी। मामले में मृतक ऋषि निर्मलकर के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात मृतक के पिता सहित अन्य गवाहों के कथन दर्ज किए गए।
पैसे की लेनदेन के लिए हुआ विवाद
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान मर्ग पंचनामा, गवाहों के बयान, शॉर्ट पीएम रिपोर्ट एवं स्पर्श अस्पताल की डेथ समरी के अवलोकन से यह तथ्य सामने आया कि 24 जनवरी 2026 को होटल 36 इन, इंदिरा मार्केट, दुर्ग में पुराने पैसों की वसूली को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपियों द्वारा मृतक ऋषि निर्मलकर के साथ हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर आंतरिक चोटें आईं।
हत्या का प्रकरण दर्ज कर शुरू की जांच
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद घायल ऋषि को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। प्रथम दृष्टया हत्या का अपराध घटित होना पाए जाने पर पुलिस ने आरोपियों प्रशांत राव पिता लक्ष्मण राव एवं अन्य सहयोगियों के विरुद्ध अपराध – 48/2026, धारा 103, 3(5) बीएनएस के तहत थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की।
