कांकेर | जिले में पुलिस कार्यप्रणाली को आधुनिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में कांकेर पुलिस ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस मुख्यालय रायपुर से प्राप्त आधुनिक बॉडी वॉर्न कैमरों का वितरण जिले के विभिन्न थानों में किया गया। इस पहल का उद्देश्य पुलिस कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाना, जवाबदेही सुनिश्चित करना तथा जांच प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है।
यह वितरण पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। वितरण से पूर्व संबंधित थाना स्टाफ को कैमरों के संचालन, तकनीकी उपयोग और कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देते हुए प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी
बॉडी वॉर्न कैमरे ड्यूटी के दौरान पुलिस की गतिविधियों की निरंतर रिकॉर्डिंग करेंगे। इससे पुलिस और आम नागरिकों के बीच होने वाली कार्रवाई पारदर्शी बनेगी। किसी भी विवाद या शिकायत की स्थिति में रिकॉर्डेड वीडियो के आधार पर निष्पक्ष निर्णय लेने में मदद मिलेगी।
जांच और न्यायिक प्रक्रिया को मिलेगा बल
पुलिस द्वारा की जाने वाली धरपकड़, जांच और ऑपरेशन के दौरान रिकॉर्ड हुआ वीडियो न्यायिक प्रक्रिया में सशक्त साक्ष्य के रूप में उपयोग किया जा सकेगा। इससे विवेचना की गुणवत्ता बेहतर होगी और मामलों के निपटारे में तथ्यात्मक स्पष्टता आएगी।
डिजिटल पुलिसिंग की ओर कदम
बॉडी वॉर्न कैमरों के उपयोग से पुलिस कार्यप्रणाली में डिजिटल रिकॉर्ड संधारण को बढ़ावा मिलेगा। दिन और रात दोनों समय की गई कार्रवाई सुरक्षित रूप से रिकॉर्ड रहेगी, जिससे भविष्य में प्रमाणिक साक्ष्य उपलब्ध रहेंगे।
झूठे आरोपों पर लगेगा अंकुश
रिकॉर्डिंग व्यवस्था लागू होने से पुलिस कर्मियों पर लगाए जाने वाले झूठे या निराधार आरोपों की संभावना भी कम होगी और वास्तविक घटनाक्रम स्पष्ट रूप से सामने आ सकेगा।
कांकेर पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए ऐसे तकनीकी नवाचार जारी रहेंगे।
