Sunday, March 22, 2026
Home » Blog » मनगटा के रिसॉर्ट्स पर पुलिस की बड़ी छापेमारी

मनगटा के रिसॉर्ट्स पर पुलिस की बड़ी छापेमारी

अवैध शराब सेवन की सुविधा देने वाले रिसॉर्ट संचालकों पर आबकारी एक्ट के तहत सख्त कदम

by cgprimenews.com
0 comments
मनगटा क्षेत्र में रिसॉर्ट्स पर पुलिस की छापेमारी करते अधिकारी

जिला पुलिस की संगठित कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में मचा हड़कंप

राजनंदगांव। मनगटा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला पुलिस द्वारा एक साथ कई रिसॉर्ट्स पर सघन दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई की गई। इस व्यापक अभियान से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चला विशेष अभियान

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। अभियान के दौरान लगभग 40 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अलग-अलग टीमों में विभाजित होकर मनगटा क्षेत्र में सक्रिय रहे।

49 रिसॉर्ट्स में एक साथ दबिश

पुलिस टीमों द्वारा मनगटा क्षेत्र में स्थित कुल 49 रिसॉर्ट्स पर एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान रॉक हाउस रिसॉर्ट, वनांचल रिसॉर्ट, स्काय रिसॉर्ट, डी कास्टल रिसॉर्ट एवं विसलिंग वुड्स रिसॉर्ट में अवैध रूप से शराब सेवन की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की पुष्टि हुई।

आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई

मौके पर मौजूद व्यक्तियों को समझाइश दी गई तथा संबंधित रिसॉर्ट संचालकों और प्रबंधकों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त ग्राम मनगटा स्थित वन चेतना केंद्र के सामने सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे की हालत में पाए गए एक व्यक्ति के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई।

रिसॉर्ट संचालकों को जारी किए गए नोटिस

अभियान के दौरान सभी रिसॉर्ट संचालकों को विधिवत नोटिस तामील कर भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत लागू नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि भविष्य में नियमों के उल्लंघन की स्थिति में और भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का सख्त संदेश

जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब सेवन, अनैतिक गतिविधियों एवं कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

You may also like