Home » Blog » होली से पहले नशेड़ी चालकों पर बड़ी कार्रवाई, 130 वाहन जब्त

होली से पहले नशेड़ी चालकों पर बड़ी कार्रवाई, 130 वाहन जब्त

रायपुर पुलिस का विशेष अभियान, 42 चेकिंग प्वाइंट पर देर रात तक जांच

by cgprimenews.com
0 comments
रायपुर में होली से पहले नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस की चेकिंग कार्रवाई।

रायपुर। होली पर्व के मद्देनज़र सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायपुर पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। शहरभर में लगाए गए 42 चेकिंग प्वाइंट्स पर शाम से देर रात तक सघन जांच की गई, जिसमें 130 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त किए गए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह विशेष अभियान पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश एवं पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) विकास कुमार के मार्गदर्शन में चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला और दौलत राम पोर्ते के नेतृत्व में सहायक पुलिस आयुक्तों और यातायात टीमों ने समन्वित कार्रवाई की।

कार, बाइक और भारी वाहन भी शामिल

जांच के दौरान ब्रीथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की गई। कुल 130 मामलों में 39 कार, 73 मोटरसाइकिल, 3 ट्रक और 15 टाटा एस/ई-रिक्शा चालकों को नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़ा गया। सभी वाहनों को जब्त कर यातायात मुख्यालय और संबंधित थानों में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने बताया कि प्रकरणों को होली के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां प्रति मामले में 10 से 15 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

होली तक जारी रहेगी सख्त निगरानी

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली तक विशेष रूप से रात्रि में चेकिंग अभियान जारी रहेगा। शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के साथ वाहन जब्ती की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि तेज रफ्तार और नशा सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण है, जिसे रोकना प्राथमिकता है।

नागरिकों से सहयोग की अपील

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने की अपील करते हुए पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

You may also like