रिसाली। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर पालिक निगम रिसाली में सड़कों की जर्जर स्थिति से जल्द राहत मिलने जा रही है। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने बुधवार को रिसाली के चार वार्डों में 2 करोड़ 17 लाख 88 हजार रुपये की लागत से होने वाले सड़क मरम्मत कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात मिलने पर बधाई दी।
जनहित को प्राथमिकता: विधायक
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि जनहित के कार्यों को समय पर पूरा कराना उनकी प्राथमिकता रही है। शहर की खराब सड़कों को चिन्हित कर शासन स्तर पर स्वीकृति दिलाई गई, जिसका परिणाम आज धरातल पर दिख रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और स्वच्छ आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इन वार्डों में होंगे कार्य
जानकारी के अनुसार,
-
वार्ड 01 (तालपुरी ब्लॉक ए) में लोटस 352 से 363 तथा 371 से 378 तक लगभग 41.12 लाख रुपये की लागत से सड़क मरम्मत होगी।
-
वार्ड 17 में शीतला तालाब से लालता प्रसाद के घर तथा लालता प्रसाद के घर से पंप हाउस तक क्रमशः 45.06 लाख और 42.12 लाख रुपये के कार्य स्वीकृत हैं।
-
वार्ड 27 (मैत्रीनगर) में कान्हा जी के घर से फैंसी स्टोर एवं मैदान से डेंटल क्लीनिक तक 40.95 लाख रुपये की लागत से सड़क सुधारी जाएगी।
-
वार्ड 31 में हिंद नगर शिवाजी चौक से सुरेंद्र देवांगन के घर और लक्ष्मी नगर चौक तक 48.63 लाख रुपये की सड़क मरम्मत की जाएगी।
उज्ज्वला योजना के तहत गैस वितरण
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान वार्ड 31 रिसाली बस्ती में उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को गैस सिलेंडर भी वितरित किए गए। इस योजना का लाभ कई पात्र महिलाओं ने लिया।
जनप्रतिनिधि व नागरिक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में नगर निगम के जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
