Sunday, February 22, 2026
Home » Blog » भिलाई की रामनवमी मध्य भारत का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन बनी : पाण्डेय

भिलाई की रामनवमी मध्य भारत का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन बनी : पाण्डेय

41वें वर्ष में 1100 से अधिक ध्वजवाहकों का सम्मान, भव्य शोभायात्रा की तैयारियां तेज

by cgprimenews.com
0 comments
भिलाई में श्रीरामनवमी ध्वजवाहकों के सम्मान समारोह का दृश्य

भिलाई। श्रीराम जन्मोत्सव समिति भिलाई द्वारा श्रीरामनवमी महोत्सव के 41वें वर्ष के अवसर पर श्रीराम चौक, खुर्सीपार मैदान में ध्वजवाहकों एवं झांकी प्रमुखों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 1100 से अधिक ध्वजवाहकों का सम्मान किया गया। समारोह में समिति के संरक्षक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अयोध्या आंदोलन से मिली प्रेरणा

मुख्य अतिथि पाण्डेय ने कहा कि वर्ष 1986 में शुरू हुई यह यात्रा आज मध्य भारत के सबसे बड़े धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल हो चुकी है। उन्होंने बताया कि उस समय सामाजिक परिस्थितियां भिन्न थीं और सनातन परंपराओं को लेकर कई प्रकार की शंकाएं उत्पन्न की जाती थीं। इसी दौर में अयोध्या आंदोलन से प्रेरणा लेकर भिलाई में श्रीराम जन्मोत्सव समिति का गठन हुआ।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक वर्षों में कुछ दर्जन लोग साइकिल और एक वाहन में प्रभु श्रीराम की तस्वीर लेकर निकले थे, जो आज हजारों श्रद्धालुओं की विशाल शोभायात्रा में बदल चुका है।

‘एक मुट्ठी दान – श्रीराम के नाम’ अभियान की शुरुआत

कार्यक्रम के दौरान समिति द्वारा “एक मुट्ठी दान – श्रीराम के नाम” अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत घर-घर से अन्न संग्रह कर महाप्रसाद तैयार किया जाएगा। इस अवसर पर समिति के दिवंगत वरिष्ठ सदस्यों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।

पाण्डेय ने अयोध्या में निर्मित भव्य राम मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आज विश्व के प्रमुख तीर्थ स्थलों में शामिल हो चुका है और इससे पर्यटन एवं रोजगार को बढ़ावा मिला है।

समिति का सफर ‘वनगमन’ जैसा

अपने संबोधन में उन्होंने समिति की यात्रा की तुलना भगवान श्रीराम के वनगमन से करते हुए कहा कि चुनौतियों के बावजूद यह आयोजन निरंतर आगे बढ़ता रहा। समिति समाज में एकता, सेवा और सांस्कृतिक चेतना का संदेश दे रही है।

तीसरी-चौथी पीढ़ी तक पहुंचा आयोजन

समिति युवा विंग अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने बताया कि यह आयोजन अब तीसरी और चौथी पीढ़ी तक पहुंच चुका है। भिलाई, जिसे “मिनी इंडिया” कहा जाता है, वहां विभिन्न धार्मिक परंपराओं का संगम रामनवमी के दिन देखने को मिलता है।

प्रांतीय अध्यक्ष रमेश माने एवं महामंत्री बुद्धन ठाकुर ने कहा कि यह आयोजन भिलाईवासियों के सहयोग से मध्य भारत की विशेष पहचान बन चुका है।

हजारों श्रद्धालुओं की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में समिति पदाधिकारियों, महिला शाखा सदस्यों एवं हजारों रामभक्तों की उपस्थिति रही। आयोजन का संचालन जिला अध्यक्ष मदन सेन ने किया।

You may also like