CG Prime News@भिलाई. road accident death in bhilai दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में एक बाइक सवार को कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक की जद में आकर मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा पति घायल हो गया है। हादसा गुरुवार दोपहर लगभग दो बजे भिलाई तीन सिरसा गेट चौक के पास की है।
पत्नी और बेटी के साथ आ रहे थे दुर्ग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घायलस राकेश दुबे अपनी पत्नी आरती दुबे और दो साल की बेटी सोना दुबे के साथ बाइक से रायपुर से दुर्ग लौट रहे थे। वे दोपहर करीब 12 बजे रायपुर से निकले थे और लगभग 2 बजे भिलाई-3 क्षेत्र में सिरसा गेट चौक के पास पहुंचे थे।
तभी पीछे से तेज रफ्तार एक कार ने राकेश दुबे की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे के बाद मां-बेटी सड़क पर गिर गई। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक ट्रक के नीचे आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। इधर अस्पताल में भर्ती युवक अपनी पत्नी और बेटी को खोने के बाद बदहवास हो गया है।
पति की जान बची पर उजड़ गया परिवार
घटना में बाइक चला रहे राकेश दुबे को हल्की चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि कार चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं कार चालक की तलाश की जा रही है। भिलाई तीन थाना प्रभारी ने बताया कि चौंक पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जिससे आरोपी को पकड़ा जा सके।
